ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर चल रहा गतिरोध खत्म हो गया है। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला 15 फरवरी को ही होगा, जो कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। पाकिस्तान की टीम कोलंबो में ही है लेकिन वह अभी तक इस मैदान पर नहीं खेली है। पाक टीम अपने दोनों मैचों में सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर उतरी है। भारत की तरह उसके लिए भी आर प्रेमदासा का मैदान नया होगा लेकिन कोलंबो में ही खेलने के कारण उसके पास ज्यादा एडवांटेज है।

 

यह एडवांटेज कुछ ऐसा ही होगा, जो टीम इंडिया के पास चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान थी। भारतीय टीम अपने सभी मैच दुबई में खेली, जिससे उसे अपने स्क्वॉड में ज्यादा से ज्यादा स्पिनरों को रखने का मौका मिला। रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल के रूप में दो लेफ्ट आर्म स्पिनर्स थे, तो ऑफ स्पिनर के तौर पर वॉशिंगटन सुंदर स्क्वॉड में थे। इतना ही नहीं टीम के पास मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव जैसे घातक हथियार थे। पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड में भी इतने ही वेरायटी वाले स्पिनर हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'भारत को 4 गुजराती चला रहे हैं' IND vs PAK मैच से पहले शाहिद अफरीदी ने उगला जहर

पाक टीम का बेहतर है संतुलन

पाकिस्तान की टी20 वर्ल्ड कप को ऐसे बनाया गया है, जिसमें एक साथ 4-4 स्पिनर उतर सकते हैं। इनमें से 3 ऑलराउंडर हैं। सईम अयूब ओपनिंग करने के अलावा फिरकी का कमाल दिखा सकते हैं। उन्होंने पिछले साल एशिया कप में अपनी स्पिन गेंदबाजी का लोहा मनवाया था। सईम अयूब ऑफ स्पिन और लेगब्रेक गूगली डालने में माहिर हैं।

 

उनके अलावा लेफ्ट आर्म स्पिनर मोहम्मद नवाज और लेग स्पिनर शादाब खान भी हैं, जो गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी अच्छी फॉर्म से गुजर रहे हैं। पाकिस्तान के पास अबरार अहमद और उस्मान तारिक जैसे दो अबूझ पहली वाले स्पिनर भी हैं। हालांकि इन दोनों में कोई एक ही खेल सकता है। संभावना है कि भारत के खिलाफ पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट उस्मान तारिक को मौका देगा।

 

यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान सुपर-8 के लिए कैसे कर सकता है क्वालिफाई? ये है समीकरण

भारत का कॉम्बिनेशन क्या होगा?

टीम इंडिया भी आर प्रेमदासा में 4 स्पिनरों को खिला सकती है लेकिन इसके लिए उसे प्लेइंग-XI में काफी फेरबदल करना पड़ेगा। एक तेज गेंदबाज को बिठाकर कुलदीप यादव को उतारे जाने की पूरी संभावना है। वॉशिंगटन सुंदर को भी मौका मिल सकता है। उनके प्लेइंग-XI में आने का मतलब है कि शिवम दुबे और रिंकू सिंह में से किसी एक को बाहर करना होगा।

आर प्रेमदासा में स्पिनर्स कितने कारगर?

इस मैदान पर टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में स्पिनर ही टॉप पर है। श्रीलंकाई लेग स्पिनर वनिंदु हसरंगा ने 12 मैचों में 24 विकेट के साथ नंबर-1 पर हैं। युजवेंद्र चहल और महीश थीक्षना भी इस मैदान पर 10 या उससे ज्यादा विकेट झटक चुके हैं। पाकिस्तान के स्पिन अटैक में वेरायटी तो है लेकिन परेशानी है कि किसी को भी इस मैदान पर खेलने का अनुभव नहीं है। यह उनके लिए बड़ा चैलेंज हो सकता है।

भारत को मिलेगा ज्यादा मैच खेलने का फायदा?

आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान का टी20I रिकॉर्ड लगभग एक समान है। हालांकि पाक की तुलना में टीम इंडिया ने दुगने से भी ज्यादा मैच खेले हैं। भारतीय टीम इस मैदान पर 2009 से 2021 के बीच 15 मैच खेल चुकी है, जिसमें उसने 11 में जीत हासिल की है। दूसरी तरफ पाकिस्तान ने आर प्रेमदासा स्टेडियम में आखिरी टी20I मैच 11 साल पहले खेला था। उसने यहां खेले 7 में से 5 मैच जीते हैं। एक और दिलचस्प बात है कि पाकिस्तान के मौजूदा स्क्वॉड में शामिल किसी भी खिलाड़ी को इस मैदान पर खेलने का अनुभव नहीं है, जिसका उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है।

आर प्रेमदासा में सबसे ज्यादा टी20I विकेट लेने वाले भारतीय

  • युजवेंद्र चहल - 12 विकेट (7 पारियां)
  • लक्ष्मीपति बालाजी - 9 विकेट (4 पारियां)
  • वॉशिंगटन सुंदर - 8 विकेट (5 पारियां)
  • युवराज सिंह - 8 विकेट (5 पारियां)
  • जयदेव उनादकट - 7 विकेट (4 पारियां)