श्रीलंका से एक बड़ी खबर आ रही है। इस देश की टी20 लीग लंका प्रीमियर लीग (LPL) में मैच फिक्सिंग करने वाले तमीम रहमान को कोर्ट ने जेल की सजा सुनाई है। तमीम बांग्लादेशी मूल का है। उसे 4 साल की जेल की सजा दी गई है लेकिन यह सजा फिलहाल 5 सालों के लिए निलंबित है। तमीम पर 2.40 करोड़ श्रीलंकाई रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

 

तमीम इस लीग में दांबुला थंडर्स का मालिक था। उसने LPL 2024 के दौरान एक खिलाड़ी पर मैच फिक्सिंग के लिए दबाव बनाया था। खिलाड़ी ने यह बात लीग के अधिकारियों को बताई, जिसके बाद तमीम की गिरफ्तारी हुई थी।

 

तमीम श्रीलंका से दुबई भागने की फिराक में था, तभी उसे कोलंबो एयरपोर्ट से पुलिस ने पकड़ लिया। फिर उसे कई हफ्तों तक हिरासत में रखा गया और बेल पर रिलीज किया गया। इस बीच श्रीलंका क्रिकेट ने दांबुला थंडर्स फ्रेंचाइजी को रद्द कर दिया था।

 

यह भी पढ़ें: अंडर 19 वर्ल्ड कप में शतक लगाकर मचाई खलबली, कौन हैं विहान मल्होत्रा?

मैच फिक्सिंग में पाकिस्तानी नागरिक का भी हाथ

तमीम पर अक्टूबर 2025 में आधिकारिक तौर पर श्रीलंका के खेल संबंधी भ्रष्टाचार निरोधी ऐक्ट संख्या 24 के तहत आरोप तय हुए थे। यह ऐक्ट मैच फिक्सिंग के मामलों को अपराध घोषित करने के लिए स्पेशली डिजाइन किया गया है। दिसंबर 2025 में तमीम के के कानूनी वकील ने कोलंबो हाई कोर्ट को बताया था कि अदालती कार्यवाही में तेजी लाने के लिए तमीम अपना जुर्म कबूल करने को तैयार है। 

 

तमीम ने बुधवार (28 जनवरी) को एक श्रीलंकाई कोर्ट के सामने अपने ऊपर लगे सभी दोष स्वीकार किए, जिसके बाद कोर्ड ने सजा सुनाई। कोर्ट ने मैच फिक्सिंग में तमीम की मदद करने वाले के आरोप में पाकिस्तानी नागरिक मुजीब उर रहमान की गिरफ्तारी के लिए वारंट भी जारी की है। वह दांबुला थंडर्स का टीम मैनेजर था।

 

यह भी पढ़ें: संजू की तरह फ्लॉप हो रहा यह खिलाड़ी, वेस्टइंडीज ने T20 WC Cup टीम में चुना लिया

श्रीलंका की लीग्स में आए भ्रष्टाचार के कई मामले

श्रीलंका की फ्रेंचाइजी लीग्स में भ्रष्टाचार के कई मामले सामने आए हैं। मई 2025 में लंका टी10 लीग में गैल मार्वल्स फ्रेंचाइजी के मालिक अनुराग ठक्कर को मैच फिक्सिंग के आरोपों में दोषी ठहराया गया था। जुर्माना भरने के बाद उन्हें श्रीलंका छोड़ने की अनुमति दी गई थी। इसके अलावा पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटर सचित्रा सेनानायके के खिलाफ LPL 2020 के दौरान मैच फिक्सिंग में कथित भूमिका के लिए एक भ्रष्टाचार का मामला चल रहा है। सेनानायके ने खुद को निर्दोष बताया है।