इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में शनिवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वैभ सूर्यवंशी की टीम गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मैदान में उतरेगी। बता दें कि गुजरात के खिलाफ ही वैभव सूर्यवंशी ने 35 गेंदों में शतक जड़कर टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे तेज शतक बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस मैच से पहले शुक्रवार को ट्रेनिंग सेशन के दौरान एक खास नजारा देखने को मिला। वैभव ने गुजरात टाइटन्स के हेड कोच आशीष नेहरा से बातचीत की और उनके पैर छूए। इस घटना की फोटो और वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
गुजरात टाइटन्स के साथ मैच से पहले ट्रेनिंग के दौरान वैभव जोस बटलर और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे खिलाड़ियों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान गुजरात के हेड कोच आशीष नेहरा भी ग्राउंड पर थे। वैभव ने जैसे ही नेहरा को देखा वह उनकी तरफ बातचीत करने जाने लगे। उनके पास पहुंचकर वैभव सूर्यवंशी ने आशीष नेहरा के पैर छूने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें: आयुष ने खेली तूफानी पारी, पंजाब के सामने चेन्नई ने रखा 210 का लक्ष्य
नेहरा ने वैभव को लगाया गले
जब वैभव और नेहरा एक दूसरे की ओर बढ़ रहे थे तो वैभव ने हाथ मिलाने के लिए अपना हाथ नेहरा के हाथ में दे दिया लेकिन दूसरे हाथ से झुककर उनके पैर छूने की कोशिश कर रहे थे तो नेहरा ने उन्हें उठाया और गले से लगा लिया। इस दौरान वैभव के चेहरे पर मुस्कान देखने को मिली। नेहरा उनके साथ बातचीत करते हुए आगे बढ़ गए। इस घटना की वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
सोशल मीडिया पर लोग दोनों की तारीफ कर रहे हैं। एक व्यक्ति ने लिखा, 'नेहरा जी का वैभव के प्रति प्यार, और वैभव का उनके प्रति सम्मान। देखकर मजा आ गया।' एक अन्य व्यक्ति ने लिखा कि बहुत बढ़िया वैभव सूर्यवंशी बहुत अच्छा ऐसा ही होना चाहिए। नेहरा की भी लोग वैभव के प्रति दिखाए गए प्यार के लिए तारीफ कर रहे हैं।
रील्स पर वायरल हैं वैभव
उभरते भारतीय स्टार वैभव सूर्यवंशी अपने खास अंदाज के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं। टीम के सीनियर्स के साथ उनकी केमिस्ट्री के कारण हर कोई उन्हें पसंद करता है। उनकी हरकतें सोशल मीडिया पर वायरल होती रहती हैं। फिर चाहे वह बैट मांगना हो या फिर किसी ट्रेंड पर वीडियो बनाना हो। राजस्थान की टीम ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें यशस्वी जायसवाल और प्रसिद्ध कृष्णा आपस में बातचीत कर रहे हैं। वैभव पास में बैठकर चुपके से उनकी बात सुन रहे हैं।
यह भी पढ़ें: पंजाब किंग्स ने घर में ही CSK को 5 विकेट से हराया, अय्यर ने ठोकी फिफ्टी
आज ग्राउंड पर होगा मुकाबला
आईपीएल में शनिवार का दूसरा मैच गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा। गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स की स्थिति अच्छी मानी जा रही है। इसकी सबसे बड़ी वजह है स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का शानदार फॉर्म। उन्होंने चेन्नई के खिलाफ पहले ही मैच में 17 गेंदों पर 52 रन बनाए।
