इंडियन प्रीमियर लीग का यह सीजन भले ही चर्चा में न हो हो लेकिन क्रिकेट प्रेमी इससे दूर नहीं हैं। क्रिकेट का यह चार्म आज राजधानी दिल्ली पहुंच गया है। दिल्ली कैपिटल्स के होम ग्राउंड पर दिल्ली का मुकाबला गुजरात टाइटन्स से होना है। दिल्ली कैपिटल्स अभी तक के अपने दोनों मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर है। वहीं, अपने दोनों मैच हारकर गुजरात टाइटन्स की टीम 9वें नंबर पर है। गुजरात टाइटन्स के पास आज मौका है कि वह पहली जीत हासिल करके अपनी स्थिति बेहतर करे। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स की नजरें इस पर हैं कि वह अपना तीसरा मैच भी जीत ले और प्वाइंट्स टेबल में टॉप 1 या 2 पर पहुंच जाए।
गुजरात को उम्मीद है कि इस मैच में उसके कप्तान शुभमन गिल खेलेंगे। गुजरात की चिंता उसके गेंदबाज हैं जो अभी तक सामने वाले टीम पर दबाव बनाने में कामयाब नहीं हुए हैं। वहीं, अभी तक हर बॉक्स टिक करती आ रही दिल्ली कैपिटल्स की टीम कुछ प्रयोग भी कर सकती है ताकि वह आगे आने वाली चुनौतियों के लिए तैयार रहे।
कहां देख सकते हैं मैच?
यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम के 7:30 बजे से खेला जाएगा। दिल्ली के मौसम को देखें तो यह कहा जाता सकता है कि बारिश इस मैच में भी थोड़ी-बहुत खलल जरूर डाल सकती है। अगर आपको भी स्टेडियम में जाकर मैच देखने का टिकट नहीं मिला है तो आप यह मैच अपने मोबाइल, टीवी या लैपटॉप पर ही देख सकते हैं। मोबाइल या स्मार्ट टीवी पर यह मैच देखने के लिए आपको जियो हॉटस्टार ऐप डाउनलोड करना होगा। वहीं, आप सैटलाइट टीवी पर यह मैच देखना चाहते हैं तो स्टार स्पोर्ट्स पर के चैनलों देख सकते हैं।
यह भी पढ़ें: गुवाहाटी में राजस्थान ने मुंबई को किया धराशायी, दर्ज की लगातार तीसरी जीत
अब तक कैसा खेली दिल्ली?
दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने इस साल अभी तक अच्छा खेल दिखाया है। अपने पहले ही मैच में दिल्ली की टीम ने लखनऊ को उसके घर में हराया। पहले बैटिंग करने वाली लखनऊ की टीम को पहले तो दिल्ली ने सिर्फ 141 रनों पर समेट दिया और फिर बड़े आराम से 18वें ओवर की पहलीं गेंद पर ही यह टारगेट आसानी से हासिल करके 6 विकेट से जीत दर्ज कर ली।
अगले मैच में दिल्ली का मुकाबला अपने घर में मुंबई से हुआ। एक बार फिर दिल्ली ने चेज किया। मुंबई की टीम ने सिर्फ 162 रन बनाए थे और दिल्ली की टीम यह स्कोर भी सिर्फ 4 विकेट खोकर 19वें ओवर की पहली गेंद पर हासिल कर लिया। दिल्ली की ओर से अभी तक ट्रिस्टन स्टब्स, समीर रिजवी और पथुम निशंका ने अच्छी बल्लेबाजी की है। वहीं गेंदबाजी में मुकेश कुमार, लुंगी एंगिडी, टी नटराजन, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल के संयुक्त प्रशासन ने टीम को जीत दिलाई है।
कहां चूक रही गुजरात टाइटन्स?
गुजरात टाइटन्स का यह सीजन अभी तक अच्छा नहीं रहा है। गुजरात की टीम पहले बैटिंग और बाद में बैटिंग, दोनों ही स्थिति में एक-एक मैच हार चुकी है। पहले बैटिंग करते हुए यह टीम सिर्फ 162 रन बना पाई थी और दूसरे मैच में बाद में बैटिंग करते हुए यह टीम 210 रनों के लक्ष्य से 6 रन दूर रह गई थी।
यह भी पढ़ें: इम्पैक्ट प्लेयर में DC और RR हिट, CSK और MI फ्लॉप! पहले 9 मैचों के आंकड़े देखें
पंजाब के खिलाफ गुजरात के मैच में लगभग सभी बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत की लेकिन किसी का भी स्ट्राइक रेट 150 के पार भी नहीं गया। यही कारण रहा कि गुजरात की टीम ने 6 विकेट ही खोए लेकिन रन सिर्फ 162 बना पाई। कप्तान शुभमन गिल ने 27 गेंदें खेली और बिना कोई छक्का लगाए 39 रन बनाए। पूरी टीम ने इस मैच में सिर्फ 3 ही छक्के लगाए। गेंदबाजी में भी यह टीम बेदम दिखी और मोहम्मद सिराज, राशिद खान और कगिसो रबाडा जैसे दिग्गज भी कोई खास असर नहीं दिखा पाए। सिर्फ प्रसिद्ध कृष्णा ऐसे रहे जिन्हें 3 विकेट मिले लेकिन उन्हें दूसरे छोर से अच्छा साथ नहीं मिला।
दूसरे मैच में अपने घर पर खेल रही गुजरात की टीम के गेंदबाजों की धुलाई एक बार फिर से खूब हुई। हर गेंदबाज ने लगभग 10 की इकॉनमी से रन दिए। मोहम्मद सिराज ने तो 4 ओवर में 48 रन दिए और सिर्फ एक विकेट ले पाए। इस मैच में प्रसिद्ध कृष्णा की इकॉनमी भी बिगड़ गई और उन्होंने 4 ओवर में 43 रन दिए। राशिद खान का न चलना भी गुजरात की चिंता बना हुआ है।
दूसरे मैच में बिना कप्तान शुभमन गिल के उतरी टीम ने एक सुधार किया कि स्ट्राइक रेट बेहतर किया। हालांकि, यह स्ट्राइक रेट 210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने में कामयाब नहीं हुआ। साई सुदर्शन ने अच्छी ओपनिंग साझेदारी की लेकिन मिडिल ऑर्डर में ग्लेन फिलिप्स, वॉशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया के सस्ते में आउट होने का असर यह दिखा कि एक समय जीतने की स्थिति में नजर आ रही यह टीम आखिर में हार गई।
