विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के पहला लेग नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया। भारतीय महिला क्रिकेट का घर कहे जाने वाले इस स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को छोड़कर सभी टीमों का प्रदर्शन उतार चढ़ाव भरा रहा। RCB ने पहले लेग के अपने चारों मैच जीते। इस WPL सीजन के उद्घाटन मुकाबले में उसे नडिन डी क्लर्क ने चमत्कारिक जीत दिलाई।
इसके बाद RCB ने रफ्तार पकड़ी और अगले तीन मैचों में एकतरफा जीत दर्ज की। फिर WPL का कारवां वडोदरा पहुंचा। यहां भी RCB ने अपने लय को बरकरार रखा और गुजरात जायंट्स को 61 रन से हराकर जीत का पंजा लगा दिया। 5 मैचों में 5 जीत के साथ RCB ने प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लिया। लगा कि टीम आने वाले मैचों में भी इसी तरह का प्रदर्शन करेगी और डायरेक्ट फाइनल में एंट्री लेगी। मगर अब RCB की गाड़ी पटरी से उतरती दिखाई दे रही है।
यह भी पढ़ें: संजू की तरह फ्लॉप हो रहा यह खिलाड़ी, वेस्टइंडीज ने T20 WC Cup टीम में चुना लिया
RCB ने झेली लगातार दूसरी हार
टेबल टॉपर RCB को सीजन की पहली हार 24 जनवरी को मिली। दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ पहले बैटिंग का न्योता मिलने पर RCB पूरे 20 ओवर में सभी विकेट खोकर 109 रन ही बना पाई। DC ने इस टारगेट को 15.4 ओवर में ही 3 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इस करारी शिकस्त के बाद उम्मीद की जा रही थी कि RCB 26 जनवरी को मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ वापसी करेगी लेकिन यहां भी उसे हार का सामना करना पड़ा।
RCB ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लॉरेन बेल ने तीसरे ही ओवर में मुंबई इंडियंस की ओपनिंग जोड़ी को तोड़ RCB को अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद क्रीज पर उतरीं नैट सिवर-ब्रंट ने RCB को कोई मौका नहीं दिया और WPL इतिहास का पहला शतक जड़ MI को 199/4 के मैच जिताऊ स्कोर तक पहुंचा दिया।
इस बड़े टारगेट का पीछा करते हुए RCB ने पावरप्ले के अंदर ही 35 के स्कोर पर 5 विकेट खो दिए। ऋचा घोष ने 90 रन की पारी खेली लेकिन उन्होंने भी मुकाबला लगभग हाथ से निकलने के बाद ही आक्रामक रुख अख्तियार किया। आखिरी ओवरो में आए रनों से RCB 184 के स्कोर तक पहुंची और उसने बड़ी दिख रही हार को करीबी शिकस्त (15 रन) में तब्दील किया, जिससे उसके नेट रन रेट को उतना नुकसान नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान T20 वर्ल्ड कप में खेलेगा या नहीं, शाहबाज शरीफ से मिलकर क्या बोले नकवी?
वडोदरा आकर रूठी RCB की किस्मत?
RCB को परिस्थितियां बदलने से ज्यादा चिंता स्टार खिलाड़ियों की फॉर्म है। कप्तान स्मृति मंधाना 96 रन की पारी खेलने के बाद लगातार तीसरे मैच में फेल हुई हैं। वडोदरा में स्मृति का स्ट्राइक रेट भी गिर गया है। कुछ ऐसा ही हाल ग्रेस हैरिस का है। WPL 2025 की शुरुआत में कुछ विस्फोटक पारियां खेलने के बाद ग्रेस लगातार 3 मैचों में दोहरा अंक में नहीं पहुंच सकीं। वहीं मुंबई इंडियंस के खिलाफ सोमवार को वह 15 रन ही बना पाईं। इस मुकाबले से RCB के लिए एकमात्र पॉजिटिव ऋचा घोष रहीं।
गेंदबाजी में लॉरेन बेल को दूसरे छोर से सहयोग की जरूरत है। MI के सामने लॉरेन ने 4 ओवर में सिर्फ 21 रन खर्चे और 2 विकेट झटके। उनके अलावा किसी गेंदबाज की इकॉनमी 10 के नीचे नहीं रही। साथ ही RCB को राधा यादव को नंबर-5 पर उतारने को लेकर फिर से विचार करना होगा। उन्हें ऋचा और डी क्लर्क से पहले बल्लेबाजी के लिए भेजने का दांव आगे भी उल्टा पड़ सकता है।
अब भी डायरेक्ट फाइनल में मिलेगी एंट्री?
WPL के पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल के लिए क्वालिफाई करती है। वहीं दूसरे और तीसरे नंबर पर फिनिश करने वाली टीमों के बीच एलिमिनेटर होता, जिसकी विजेता टीम खिताबी मुकाबले में पहुंचती है। पॉइंट्स टेबल में फिलहाल RCB की स्थिति मजबूत है और वह नंबर-1 पर फिनिश करते दिख रही है। अगर वह 29 जनवरी को यूपी वॉरियर्स के खिलाफ अपना आखिरी मुकाबला जीत लेती है तो डायरेक्ट फाइनल में पहुंच जाएगी। हारने पर उसे दुआ करनी होगी दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात जायंट्स में से कोई एक टीम अपने आखिरी दो मैच बड़े अंतर से नहीं जीते।
