पाकिस्तान से तनाव के बीच पंजाब के नंगल में सियासी बवाल मचा है। गुरुवार सुबह से ही नंगल स्थित बीबीएमबी के गेस्ट हाउस के बाहर धरना प्रदर्शन जारी है। पंजाब के मंत्री हरजोत सिंह बैंस और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता धरने पर बैठे हैं। आरोप है कि मंत्री और उनके समर्थकों ने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के अध्यक्ष को बंधक बना लिया है। वे भाखड़ा और नंगल बांध निरीक्षण करने पहुंचे थे। हरियाणा के साथ पंजाब का वर्षों पुराना पानी विवाद चल रहा है। हाईकोर्ट भी पंजाब सरकार को फटकार लगा चुका है। अदालत ने कहा कि राज्य सरकार बीबीएमबी के काम में हस्तक्षेप नहीं कर सकती है।

 

रोपड़ रेंज के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर ने बताया कि चेयरमैन ने कहा कि वह सीएम से मुलाकात के लिए चंडीगढ़ जाएंगे। अगर कोई कानून-व्यवस्था अपने हाथ में लेगा तो हम सख्त एक्शन लेंगे। उन्होंने आगे यह भी बताया कि लोगों ने बीबीएमबी गेस्ट हाउस के गेट बंद कर दिए हैं।

 

गेट बंद करने पर हमें मजबूर होना पड़ा: बैंस

मंत्री हरजोत सिंह बैंस का कहना है कि हमें गेट बंद करने पर मजबूर होना पड़ा है। यह हमारे पानी से जुड़ा मामला है। हमें पता है कि देश के सामने क्या स्थिति है। पंजाब सीमावर्ती सूबा है। हम देश के लिए लड़ रहे हैं। हमारे सैकड़ों गांव खाली हो चुके हैं। पूरा प्रदेश रेड अलर्ट पर है। ऐसे समय में हरियाणा में ऐसी क्या आपात स्थिति आ गई कि बीबीएमबी चेयरमैन सुबह-सुबह आकर पानी छोड़ने के लिए कह रहे हैं।

 

 

बैंस ने कहा कि हम बीबीएमबी चेयरमैन के खिलाफ एक्शन की मांग करते हैं। यहां सभी स्थानीय नेता और लोग धरने पर बैठे हैं। हम तब तक धरना जारी रखेंगे जब तक हमारे सीएम यहां नहीं आते और हमें आगे क्या करना है? इस बारे में नहीं बताते हैं। मानवीय आधार पर हम पहले ही हरियाणा को भरपूर पानी देते आ रहे हैं। उधर, बीबीएमबी के अध्यक्ष मनोज त्रिपाठी का कहना है कि बांध की चाबियां और नियंत्रण भाखड़ा के मुख्य अभियंता के पास हैं। 

 

यह भी पढ़ें: 'कहा था सेना पर हमला मत करना', कर्नल सोफिया कुरैशी ने क्या-क्या बताया?

 

बैंस और भगवंत मान पर दर्ज हो केस: बिट्टू

भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने मंत्री हरजोत सिंह बैंस पर निशाना साधा। बिट्टू ने कहा कि हरजोत सिंह बैंस के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज होना चाहिए। उन्होंने एक भारतीय नागरिक (बीबीएमबी चेयरमैन) को अंदर बंद कर रखा है। मामला कोर्ट में चल रहा है और कोर्ट ने अपना फैसला सुना दिया है। वे ड्रामा कर रहे हैं और पंजाब के सीएम भगवंत मान के खिलाफ भी देशद्रोह का मामला दर्ज होना चाहिए। बिट्टू ने कहा कि बांध की सुरक्षा बहुत अहम है। पाकिस्तान कभी भी इस पर हमला कर सकता है। बिट्टू ने दावा किया कि बीबीएमबी चेयरमैन बांध की सुरक्षा का जायजा लेने गए थे।

 

 

वड़िंग बोले- हमें कोर्ट जाना चाहिए

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने का कहना है कि भाखड़ा नंगल जाने के बजाय हमें सुप्रीम कोर्ट जाना चाहिए। अगर कोर्ट ने हमारे खिलाफ कोई फैसला लिया है या लेने वाला है तो हमें पहले कोर्ट जाना चाहिए था। हमें कोर्ट के सामने यह बात रखनी चाहिए थी कि चेयरमैन 60% हिस्सेदारी वाले लोगों का प्रतिनिधित्व करे। भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहा है और यह हमारे साथ अन्याय है। हमें प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन करना चाहिए था। 

 

यह भी पढ़ें: लाहौर में धमाका, S-400 का इस्तेमाल, भारत ने बताया रात में क्या हुआ

 

पानी पर राजनीति नहीं होनी चाहिए: सीएम सैनी

बीबीएमबी पर सियासी गहमागहमी पर हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राजनीति कोई विषयों पर की जा सकती है। अगर भगवंत मान को राजनीति करनी है तो उन्हें दूसरे विषयों पर करनी चाहिए। यह किसी के जीवन और पीने के पानी का सवाल है। पीने के पानी पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। बीबीएमबी चेयरमैन को बंधक बनाना निंदनीय है। देश में एक संघीय ढांचा है। पंजाब के सीएम को संविधान के हिसाब से चलना चाहिए। पंजाब को हाईकोर्ट के आदेश का पालन करना चाहिए।