संजय सिंह, पटना। बिहार की राजनीति एक बार फिर बड़े बदलाव के मुहाने पर खड़ी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित इस्तीफे से पहले ही सत्ता के गलियारों में हलचल तेज हो गई है। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर है कि जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) इस बार अपने मंत्रिमंडल में नए और युवा चेहरों को जगह देने की तैयारी में है। यह बदलाव सिर्फ चेहरे का नहीं, बल्कि राजनीतिक संतुलन और प्रशासनिक दक्षता को लेकर भी अहम माना जा रहा है।
दरअसल, वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव के बाद बनी सरकार में जेडीयू कोटे से जिन आठ मंत्रियों ने शपथ ली थी, वे सभी पहले भी मंत्री रह चुके थे। इनमें विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार और जमा खान शामिल हैं। ये सभी नेता लंबे समय से सत्ता और संगठन दोनों में मजबूत पकड़ रखते हैं और मुख्यमंत्री के भरोसेमंद माने जाते हैं। हालांकि, अब पार्टी के भीतर यह भावना मजबूत हो रही है कि लगातार एक ही चेहरों को मौका देने से संगठन में नई ऊर्जा की कमी महसूस हो रही है। यही वजह है कि इस बार मंत्रिमंडल विस्तार या फेरबदल में नए विधायकों को अवसर देने की रणनीति बनाई जा रही है।
यह भी पढ़ें: नीतीश कुमार की Z-प्लस सुरक्षा से JDU नेताओं को दिक्कत क्यों है?
पुराने मंत्रियों पर बढ़ता दबाव
मौजूदा स्थिति में जेडीयू के कई वरिष्ठ मंत्रियों के पास एक साथ दो से तीन विभागों की जिम्मेदारी है। उदाहरण के तौर पर, विजय कुमार चौधरी जल संसाधन, भवन निर्माण, संसदीय कार्य और सूचना एवं जनसंपर्क जैसे अहम विभाग संभाल रहे हैं।
वहीं बिजेंद्र प्रसाद यादव के पास ऊर्जा, वित्त, वाणिज्यकर और योजना एवं विकास जैसे भारी-भरकम विभाग हैं। इसी तरह श्रवण कुमार ग्रामीण विकास और परिवहन विभाग देख रहे हैं, जबकि सुनील कुमार शिक्षा एवं विज्ञान प्रावैधिकी विभाग का जिम्मा संभाल रहे हैं। इतने बड़े विभागों का एक साथ संचालन प्रशासनिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। ऐसे में विभागों का बंटवारा कर नए मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपना अब लगभग तय माना जा रहा है।
नए चेहरों पर दांव
2025 के विधानसभा चुनाव में जेडीयू से कई नए और युवा चेहरे जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। पार्टी अब इन्हीं चेहरों पर दांव लगाने की तैयारी में है। इनमें डॉ. कुमार पुष्पंजय, इंद्रदेव सिंह, समृद्ध वर्मा, सोनम रानी सरदार, विशाल कुमार, श्वेता गुप्ता, नागेंद्र राउत, अतिरेक कुमार, कोमल सिंह, आदित्य कुमार, ऋतुराज कुमार, मांजरिक मृणाल, अभिषेक आनंद, नचिकेता, पप्पू कुमार वर्मा और रुहेल रंजन जैसे नाम प्रमुख हैं। इन नए विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल करने के पीछे पार्टी का उद्देश्य सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधना भी है। साथ ही युवा नेतृत्व को आगे लाकर पार्टी अपनी छवि को भी आधुनिक और गतिशील बनाना चाहती है।
यह भी पढ़ें: नीतीश कुमार कब लेंगे शपथ, कौन होगा अगला CM; बिहार की सियासत में क्या चल रहा?
क्या होगा अगला कदम?
राजनीतिक सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री के इस्तीफे के बाद नए सिरे से सरकार का गठन या मंत्रिमंडल का पुनर्गठन हो सकता है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि जेडीयू अपने पुराने अनुभवी नेताओं और नए चेहरों के बीच किस तरह संतुलन बनाता है। फिलहाल इतना तय है कि बिहार की राजनीति में एक नई पटकथा लिखी जा रही है, जहां अनुभव और युवा ऊर्जा का मेल देखने को मिल सकता है।
