संजय सिंह, पटना। सम्राट चौधरी के गृह मंत्री का पद संभालते ही बिहार पुलिस एक्शन में दिख रही है। नई सरकार के गठन के बाद से अब तक आठ एनकाउंटर हो चुके हैं। अपराधियों ने भी अब बिहार के बदले दूसरे प्रदेशों में घटना को अंजाम देना शुरू कर दिया है। राजस्थान और कर्नाटक की पुलिस ने बिहार आकर अपराध की जांच कर रही है। पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।
जानकारी के अनुसार, कर्नाटक से एक ज्वैलरी शॉप से आठ किलो सोना लूट लिया गया था। इस घटना के तार अब बिहार से जुड़ रहे हैं। वहीं, राजस्थान में हीरा कारोबारी के घर 52 लाख की चोरी हुई थी। अब दोनों राज्यों की पुलिस बिाहर पुलिस के सहयोग से इन आरोपियों को पकड़ने में जुटी है। बिहार पुलिस की कार्यशैली से दूसरे राज्यों के पुलिस अधिकारी भी प्रभावित है।
यह भी पढ़ें: बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड का लोन ना चुकाने पर दर्ज होगी FIR, जानिए कैसे बचें
कर्नाटक में 10 करोड़ की लूट
बिहार के कुछ अपराधियों ने कर्नाटक के मैसूर स्थित स्काई गोल्डन एंड डायमंड ज्वैलरी शॉप में लूट की घटना को अंजाम दिया। पांच मिनट के भीतर अपराधियों ने दुकान में रखे आठ किलो सोने के जेवरात लूट लिए। दुकान के कर्मचारियों ने जब अपराधियों का विरोध किया तो उनके साथ मार-पीट की गई। अपराधी 10 मिनट में पूरी घटना को अंजाम देकर भाग निकलने में सफल रहे।
अपराधियों के पास हथियार भी था। इसके डर से दुकान के कर्मचारियों ने अपराधियों का पीछा भी नहीं किया। लूट की घटना के बाद दुकान के कर्मचारियों ने सायरन बजाया। सायरन की आवाज सुन कर आसपास के लोग जुटे तब तक अपराधी बहुत दूर निकल चुके थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
सीसीटीवी से हुई पहचान
मैसूर की पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर सीसीटीवी खंगालना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस को यह पता करने में सफलता मिली की लूट की घटना को अंजाम देने वाला गिरोह बिहार का है। शक के आधार पर बिहार के कुछ संदिग्धों से पूछताछ की गयी। पूछताछ के दौरान यह पता चला की इनमें से एक अपराधी भागलपुर जिले के नौगछिया अनुमंडल स्थित पकड़ा गांव का निवासी पंकज सिंह है।
कर्नाटक पुलिस ने तुरंत पटना के आला पुलिस अधिकारियों से संपर्क स्थापित किया। पटना के सीनियर पुलिस अधिकारी के निर्देश पर एसटीएफ की टीम भागलपुर पहुंची। कर्नाटक पुलिस और एसटीएफ की टीम ने संयुक्त रूप से छापा मार संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया। जब पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की तब उसने बताया की लूट-पाट की घटना में दरभंगा का छोटू सिंह भी शामिल था।
बिहार पहुंची कर्नाटक पुलिस
कर्नाटक के एएसपी के नेतृत्व में पुलिस की एक पांच सदस्यीय टीम तुरंत दरभंगा के लिए रवाना हो गयी। लूट का सोना अबतक बरामद नहीं हुआ है। पुलिस टीम के सदस्यों ने बताया कि अपराधियों ने 28 दिसंबर को घटना को अंजाम दिया था। इन लोगों ने लगभग आठ किलो सोने के जेवर चोरी किए। पुलिस का दावा है कि जल्द ही लूट का माल भी बरामद कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में जीत रही BJP, ठाकरे और संजय राउत पर तगड़े Memes बन गए
52 लाख रूपये के साथ चोर गिरफ्तार
बांका के बेलहर निवासी मंटू ठाकुर ने राजस्थान के जयपुर स्थित एक हीरा व्यवसायी के घर 52 लाख रूपये की चोरी की। राजस्थान से आई पुलिस टीम के सदस्यों ने चोरी का रुपया बरामद कर लिया। आरोपी को भी गिरफ्तार करने में पुलिस सफल रही।
राजस्थान पुलिस के इंस्पैक्टर शंकर सिंह ने बताया कि मंटू ठाकुर जयपुर में काम करता था। निखिल कातपुरिया नामक हीरा कारोबारी अपने परिवार के सदस्यों के साथ छुट्टी मानाने बाहर गए थे। मौका पाकर मंटू ने उनके घर का सारा माल साफ कर दिया। जब व्यवसायी लौट कर आए तो अपने घर की हालत देख कर दंग रह गए। उन्होंने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी। हाई प्रोफाइल मामला होने के कारण पुलिस तुरंत सजग हुई। बांका पुलिस से संपर्क स्थापित कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
