बुधवार शाम को चंडीगढ़ के सेक्टर 37 में पंजाब भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के दफ्तर के बाहर एक धमाका हो गया। इसकी आवाज आसपास के कई सेक्टरों में सुनाई दी, जिससे लोगों में काफी डर फैल गया और हड़कंप मच गया। धमाका शाम करीब 5 बजकर 57 मिनट पर दफ्तर के पास पार्किंग एरिया में हुआ।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वहां खड़ी एक स्कूटी में धमाका हुआ। आसपास खड़ी कुछ गाड़ियों और स्कूटरों को हल्का-फुल्का नुकसान पहुंचा, लेकिन बीजेपी दफ्तर को कोई नुकसान नहीं हुआ। इस हादसे में अभी तक किसी के भी घायल होने की कोई खबर नहीं है और न ही किसी बिल्डिंग इत्यादि को किसी तरह का नुकसान पहुंचा है।
यह भी पढ़ें: एक और धमाका? लश्कर-ए-तैयबा के प्लान पर दिल्ली में अलर्ट, बढ़ाई गई सुरक्षा
पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। फॉरेंसिक टीम, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि पता चल सके कि आखिर क्या हुआ था।
अभी पुष्टि नहीं
कुछ रिपोर्ट्स में इसे कम तीव्रता (low-intensity) वाला धमाका बताया गया है। शुरुआत में इसे बम विस्फोट माना जा रहा था लेकिन एक संभावना यह भी है कि स्कूटर की बैटरी फट गई हो। पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
यह भी पढ़ें: ईरान ने सस्ते ड्रोन से दुबई एयरपोर्ट के पास धमाका कैसे किया? देखिए
बीजेपी नेता विनीत जोशी (चंडीगढ़ के मेयर के भाई) ने बताया कि कुछ गाड़ियों को हल्का नुकसान हुआ और धमाके की आवाज सुनी गई। उन्होंने कहा कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। ज्यादा जानकारी सामने आने पर अपडेट दिया जाएगा।
