दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा टेरर अलर्ट जारी किया है। खुफिया सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) दिल्ली में बड़ा हमला करने की साजिश रच रहा है। खासकर रेड फोर्ट के पास और चांदनी चौक इलाके में किसी मंदिर को निशाना बनाया जा सकता है।
ANI और PTI की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि आतंकी इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से ब्लास्ट करने की योजना बना रहे हैं। दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड में है। आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
यह भी पढ़ें: लश्कर के 3 आतंकियों की तलाश, 15 घंटे से गोलीबारी, ऑपरेशन ट्राशी-I का अंजाम क्या?
क्यों सक्रिय हुआ है लश्कर?
6 फरवरी 2026 को पाकिस्तान के इस्लामाबाद में एक मस्जिद पर हुए आत्मघाती हमले का बदला लेना है। उस हमले में कम से कम 31 लोग मारे गए थे और 160 से ज्यादा घायल हुए थे, जिसकी जिम्मेदारी ISIS ने ली थी।
क्या कह रहा है खुफिया विभाग?
इंटेलिजेंस रिपोर्ट्स में कहा गया है कि लश्कर न सिर्फ दिल्ली के धार्मिक स्थलों को टारगेट कर सकता है, बल्कि देश के कई बड़े मंदिर भी उसके रडार पर हैं। रेड फोर्ट और चांदनी चौक जैसे भीड़भाड़ वाले और ऐतिहासिक इलाकों में सुरक्षा बहुत सख्त कर दी गई है। पुलिस और अन्य बल पूरी तरह अलर्ट पर हैं।
यह भी पढ़ें: 'आंतकियों को मेहमान बनाती है सेना,' सैफुल्लाह कसूरी के दावे पर फंसा पाकिस्तान
क्यों चौकन्ना है पुलिस विभाग?
बीते साल नवंबर 2025 में रेड फोर्ट के पास हुए कार धमाके में 15 लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना ने एक बड़े आतंकी नेटवर्क को उजागर किया था। अभी तक कोई हमला नहीं हुआ है, ये सिर्फ खुफिया जानकारी पर आधारित अलर्ट है।