बिहार के जहानाबाद जिले के ओकरी थाना क्षेत्र के देवरा मठ गांव में एक शादी के दौरान बड़ा हंगामा हुआ। पटना के पुनाईचक निवासी रंजन कुमार की शादी यहां तय हुई थी। 21 तारीख को तिलक की रस्म पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुई थी और दोनों परिवार खुश थे। 26 तारीख को धूमधाम से बारात देवरा मठ गांव पहुंची। जब दूल्हे रंजन कुमार को द्वार पूजा की रस्म के लिए लाया गया तब उसकी असलियत सामने आई। दूल्हा बुरी तरह लड़खड़ा रहा था और उसके हाव-भाव देख सबको शक हुआ कि वह नशे में है। जैसे ही दुल्हन नेहा को दूल्हे के नशे में होने की बात पता चली, उसने तुरंत शादी से इनकार कर दिया।

 

दुल्हन के इस कड़े फैसले के बाद शादी की खुशियां सन्नाटे और तनाव में बदल गई। लड़की वालो का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने दूल्हे को पकड़कर बंधक बना लिया। परिवार वाले शादी के इंतजाम में खर्च हुए पैसे और तिलक के समय दिए गए सामान की वापसी की मांग करने लगे। हालात बिगड़ते देख बाराती धीरे-धीरे वहां से भागने लगे और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

 

यह भी पढ़ें: 'मेरे घर की सीढ़ियों पर भी चला बुलडोजर', CM सम्राट बोले ऐक्शन जारी रहेगा

थाने में सुलह की कोशिश

मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे को लड़की वालों से छुड़ाकर थाने ले गई। थाने में पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौते की बातचीत शुरू हुई ताकि विवाद को शांति से सुलझाया जा सके। इस दौरान दूल्हे रंजन कुमार ने खुद को बेकसूर बताते हुए कहा कि उसने शराब नहीं पी थी बल्कि वह किसी और वजह से लड़खड़ा गया था जिसे लोगों ने गलत समझ लिया। हालांकि, वहां मौजूद चश्मदीदों का दावा था कि दूल्हा साफ तौर पर नशे की हालत में ही था।

 

यह भी पढ़ें: टीचर ने बच्चे को डंडे से पीट-पीटकर हाथ तोड़ा, केस दर्ज, स्कूल बंद करने की मांग

दुल्हन के साहस की चर्चा

अब यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। समाज में अक्सर लड़कियों पर समझौते का दबाव बनाया जाता है लेकिन नेहा के इस साहसिक कदम की लोग सराहना कर रहे हैं। उसका कहना था कि वह ऐसे व्यक्ति के साथ अपनी जिंदगी नहीं बिता सकती जो अपनी ही शादी के दिन नशे में हो।