बिहार के किशनगंज में बुधवार आधी रात गोलियों की आवाज से फरिंगगोला इलाका दहल उठा। रेलवे गुमटी के पास पुलिस और कुख्यात अपराधी पवन कुमार उर्फ चिंटू के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चिंटू घायल हो गया, जबकि दो पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए हैं।
पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर देर रात विशेष जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान बिना नंबर की बाइक पर सवार एक संदिग्ध युवक को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: बिहार: DM के नाम से बनाया फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
पीछा करते हुए पुलिस ने घेरा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस को देखते ही बाइक सवार तेजी से भागने लगा। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद उसने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान चली गोली अपराधी के पैर में लगी और वह सड़क पर गिर पड़ा। इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायल अपराधी को भी सुरक्षा के बीच सदर अस्पताल किशनगंज में भर्ती कराया गया है।
मौके से हथियार और बाइक बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कराई। बाद में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एक पिस्टल, कई खाली कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद की है। शुरुआती जांच में घायल अपराधी की पहचान कटिहार जिले के रौतारा थाना क्षेत्र निवासी पवन कुमार उर्फ चिंटू के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें: 15 साल की बेटी को 6 टुकड़ों काटा, पिता ने प्रेम विवाह के शक में मार डाला
कई जिलों में दर्ज हैं मामले
पुलिस के मुताबिक, चिंटू लंबे समय से अंतरराज्यीय गिरोह चला रहा था। उसके नेटवर्क में बिहार और पश्चिम बंगाल के कई अपराधी शामिल बताए जा रहे हैं। गिरोह पर लूट, छिनतई, चोरी और हथियारबंद वारदातों के कई आरोप हैं। सूत्रों के अनुसार, पवन उर्फ चिंटू का नाम पटना, अररिया और मधुबनी समेत कई जिलों में दर्ज मामलों में सामने आ चुका है। किशनगंज में हाल में हुई कई छिनतई और चोरी की घटनाओं में भी उसकी भूमिका की जांच चल रही थी।
अब पुलिस उसके गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। घटनास्थल से मिले सबूतों की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी और तेज किया जाएगा।
