दिल्ली के सरिता विहार इलाके में शुक्रवार रात एक 35 साल की महिला और उसकी 6 साल की छोटी बेटी की हत्या कर दी गई। दोनों के शव घर में बिस्तर के अंदर स्टोरेज बॉक्स में छिपाए हुए मिले। पुलिस ने पड़ोसी को मुख्य आरोपी बताया है और उसे पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
पुलिस को शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे पीसीआर कॉल मिली कि आली विहार में एक घर में दो शव मिले हैं। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। वहां ज्योति (35 साल) और उसकी 6 साल की बेटी के शव बिस्तर के नीचे स्टोरेज बॉक्स में छिपे हुए थे। उन्हें फौरन AIIMS अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: ब्लिंकिट से चाकू मंगाकर दो मर्डर कर दिए? अब आर्म्स ऐक्ट के तहत दर्ज हुआ केस
गला दबाने से हुई मौत
शनिवार को पोस्टमॉर्टम हुआ, जिसमें पता चला कि मौत गला दबाने और मुंह दबाकर की गई है। शुरुआती जांच में बाहर से कोई चोट नहीं दिखी थी। अंतिम पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
पुलिस ने शुरुआती जांच और पड़ोसियों से पूछताछ के बाद मुख्य आरोपी के रूप में दीप दयाल की पहचान की है। वह एक अकाउंटेंट है और उसी इमारत में रहता है। कुछ पड़ोसियों के मुताबिक, वह पीड़िता के पति का भतीजा है। आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस ने हत्या के मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (1) के तहत केस दर्ज किया है।
पड़ोसी अजय कुमार गिरी ने बताया कि ज्योति और उनके पति सुंदरेशन के तीन बच्चे थे। दो बड़े बच्चे स्कूल गए थे और सुरक्षित हैं। पति रात को घर लौटे तो देखा कि दो बच्चे बाहर बैठे हैं। दरवाजा लंबे समय से बंद था। जब कुछ गड़बड़ लगी तो उन्होंने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घर में सामान बिखरा हुआ था, लेकिन कुछ चोरी हुआ नहीं लगता था।
पति आए तो दरवाजा बंद था
एक और पड़ोसी मुकेश कमत ने कहा कि पति शाम 9-9:30 बजे आए, दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार दस्तक दी, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। महिला ने पूरे दिन फोन भी रिसीव नहीं किया था, जिससे रिश्तेदार और बच्चे चिंतित थे। अंदर जाकर पता चला कि बिस्तर के नीचे मां और सबसे छोटी बेटी के शव पड़े हुए हैं।
यह भी पढ़ें: जहरीले लड्डू, शराब, कोल्ड ड्रिंक; दिल्ली के ट्रिपल मर्डर केस में तांत्रिक एंगल
पुलिस ने कई टीमें बनाई हैं। क्राइम और फॉरेंसिक टीम ने जगह की जांच की और सबूत इकट्ठा किए हैं। कई जगहों पर छापेमारी चल रही है ताकि आरोपी को जल्दी पकड़ा जा सके। जांच जारी है और मकसद का पता लगाया जा रहा है।
