संजय सिंह, पटना। बिहार की नई सरकार के गठन के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी कड़ी में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने दूसरी बार प्रेस वार्ता कर विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि मौजूदा एनडीए सरकार विकास, सुशासन और सामाजिक सद्भाव के उसी रास्ते पर आगे बढ़ रही है, जिसे नीतीश कुमार ने वर्षों पहले स्थापित किया था।
थ्री सी सरकार की पहली प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता पूरी तरह स्पष्ट है कि थ्री सी यानी क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म के खिलाफ जीरो टॉलरेंस। उपमुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द के मामले में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सांप्रदायिकता के खिलाफ सख्त नीति पहले की तरह ही आगे भी जारी रहेगा ।
यह भी पढ़ें: बड़े एक्शन की तैयारी में बिहार STF, 250 अपराधियों की लिस्ट बनी
विपक्ष कर रहा है भ्रामक प्रचार
प्रेस वार्ता के दौरान विजय चौधरी ने विपक्ष पर भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून, यानी Citizenship Amendment Act को लेकर जनता के बीच डर फैलाया गया कि इससे नागरिकता छिन जाएगी, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि आखिर इस कानून के तहत कितने लोगों की नागरिकता प्रभावित हुई, इसका स्पष्ट आंकड़ा क्यों नहीं दिया जाता।
इसी तरह वक्फ संपत्तियों के मुद्दे पर भी उन्होंने विपक्ष को घेरा और कहा कि निराधार आरोप लगाकर केवल भ्रम की स्थिति पैदा की गई। उनका कहना था कि इस तरह की राजनीति जनता को गुमराह करने के अलावा कुछ नहीं है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि वह असली मददगार को गुनाहगार और गुनाहगार को मददगार के रूप में पेश करने में माहिर है।
अल्पसंख्यक समाज को लेकर उपमुख्यमंत्री का रुख खास तौर पर मुखर रहा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने इस वर्ग के उत्थान के लिए केवल वादे नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस काम किए हैं। शिक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी कई योजनाओं का सीधा लाभ अल्पसंख्यक समुदाय को मिला है। छात्रवृत्ति, कौशल विकास और जीविका समूहों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने जैसे प्रयासों का उन्होंने विशेष उल्लेख किया।
यह भी पढ़ें: जमीन हड़पने के लिए पहले किया अपहरण, फिर बनाया अश्लील वीडियो, दो गिरफ्तार
अल्पसंख्यकों में बड़ी है जागरूकता
विजय चौधरी ने यह भी कहा कि वर्ष 2005 से पहले अल्पसंख्यक समाज का इस्तेमाल केवल भावनात्मक मुद्दों के लिए किया जाता था। उस समय उनके वास्तविक विकास पर ध्यान नहीं दिया गया। लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में स्थिति बदली है और अब विकास योजनाओं का असर जमीनी स्तर पर साफ दिखाई देता है।
उन्होंने दावा किया कि अब अल्पसंख्यक समाज अधिक जागरूक हो चुका है और वह वास्तविकता को समझने लगा है। लोगों को यह अहसास हो गया है कि कौन उनके हित में काम कर रहा है और कौन केवल राजनीतिक लाभ के लिए भ्रम फैला रहा है।
अंत में उपमुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि वर्तमान सरकार में सभी समुदायों की सुरक्षा, सम्मान और विकास सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार में सामाजिक समरसता और विकास की जो नींव रखी गई है, उसे और मजबूत करने का काम लगातार जारी रहेगा।
