तमिलनाडु में सत्ताधारी गठबंधन ने 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले सीट शेयरिंग का फॉर्मूला फाइनल कर लिया है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (DMK) और कांग्रेस के बीच हुए समझौते के तहत कांग्रेस 28 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा आने वाले राज्यसभा चुनाव में भी कांग्रेस को एक सीट दी जाएगी।

 

यह सहमति चेन्नई में स्टालिन और तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के प्रेसिडेंट के. सेल्वापेरुंथगई के बीच हुई मीटिंग के बाद हुआ। 4 मार्च 2026 को हुई इस मीटिंग में सीट-शेयरिंग को फाइनल किया गया। दूसरे राउंड की बातचीत DMK हेडक्वार्टर अन्ना अरिवालयम में हुई, जहां कांग्रेस की तरफ से AICC इलेक्शन इंचार्ज गिरीश चोडणकर, लेजिस्लेटिव पार्टी के लीडर राजेश कुमार और AICC सेक्रेटरी निवेदिता अल्वा मौजूद थीं। सीनियर DMK लीडर कनिमोझी करुणानिधि ने भी बातचीत में हिस्सा लिया।

 

यह भी पढ़ें: 'शरद पवार लड़ेंगे राज्यसभा चुनाव, NCP के कहने पर सीट छोड़ी'- कांग्रेस

राज्यसभा चुनाव में किसके पास कितनी सीटें?

16 मार्च 2026 को होने वाले राज्यसभा चुनाव में कुल 4 सीटें DMK के खाते में आई हैं। इनमें से एक सीट कांग्रेस को और एक सीट नेशनल प्रोग्रेसिव द्रविड़ कषगम (NPK) को देने का फैसला किया गया है। बाकी बची 2 सीटों पर DMK ने अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। इन सीटों के लिए तिरुचि शिवा और जे. कॉन्स्टेंटाइन रविंद्रन को उम्मीदवार बनाया गया है।

कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा चुनाव?

तमिलनाडु विधानसभा में कुल 234 सीटें हैं। कांग्रेस इनमें से 28 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी, जबकि DMK और उसके सहयोगी बाकी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। एक्टर कमल हासन की पार्टी मक्कल निधि मय्यम (MNM) भी ​​इस गठबंधन का हिस्सा है। हालांकि MNM को कितनी सीटें मिलेंगी, यह अभी तय नहीं हुआ है।

 

यह भी पढ़ें: ट्रंप-नेतन्याहू के पोस्टर फूंके, केंद्र सरकार को घेरा; क्या चाहती हैं महबूबा?

 

यह समझौता सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस (SPA) को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। स्टालिन के नेतृत्व वाला गठबंधन द्रविड़ मॉडल 2.0 के नारे के साथ दोबारा सत्ता में लौटने की तैयारी कर रहा है।

वर्तमान स्थिति और पिछला रिकॉर्ड

राज्य की राजनीति इस बार और दिलचस्प होने वाली है। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की एंट्री से मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है। वहीं भाजपा-AIADMK गठबंधन भी चुनावी रणनीति को धार देने में जुटा है। आपको बता दें कि 2021 के विधानसभा चुनाव में DMK ने 133 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस को 18 सीटें मिली थीं। DMK के नेतृत्व वाले गठबंधन ने कुल 159 सीटों पर जीत दर्ज की थी।