महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में दशकों तक पत्रकारों की रातों को चाय की चुस्कियों और गपशप से गुलजार करने वाले चायवाले की याद में सोमवार को एक विशेष समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में कई कई सीनियर पत्रकारों, पूर्व सांसद और पूर्व विधायक ने हिस्सा लेकर उनके प्रति अपना प्यार और सम्मान जाहिर किया। बबन केमकर की चाय मुंबई के पत्रकारों और कई नेताओं के लिए बहुत खास थी। वह चाय के साथ-साथ अपनी बातों से भी लोगों को आकर्षित करते थे। कई दिग्गज उनकी चाय और बातों के दिवाने थे।
बबन केमकर को पत्रकार प्यार से बबनसेठ बुलाते थे। बबन ने चार दशकों तक दादर रेलवे स्टेशन के बाहर रात में चाय का ठेला लगाया था। देर रात जब सिटी एडिशन छपने के बाद पत्रकार काम से लौटते तो वह उन्हें चाय पिलाते थे। बबन करीब चार दशकों तक पत्रकारों की रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गए थे।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु की पैदाइश, वॉशिंगटन का मेयर बनने की तैयारी, कौन हैं रिनी संपत?
चाय और गपशप से बना रिश्ता
बबन के सम्मान में मुंबई मराठी पत्रकार संघ के सभागार में सोमवार को सैंकड़ों लोग जुटे। इन लोगों में ज्यादातर वही थे जो कभी उनकी दुकान पर नियमित रूप से चाय की चुस्कियों के साथ -साथ गपशप का आनंद लेने के लिए पहुंचते थे। बबन करीब 20 साल पहले दादर रेलवे स्टेशन के बाहर से ठाणे जिले के टिटवाला में बस गए थे। हालांकि, उनके प्रति लोगों का प्यार कम नहीं हुआ। उनके 75वें जन्मदिन के मौके पर पुराने साथी एक बार फिर एकजुट हुए और उन्हें सिर्फ एक चायवाले के रूप में नहीं, बल्कि दोस्त और परिवार के सदस्य की तरह सम्मानित किया।
चाय के लिए पहुंचते थे दिग्गज
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने याद किया कि बबन की चाय ही नहीं, बल्कि वहां होने वाली दिलचस्प चर्चाएं भी लोगों को बार-बार खींच लाती थीं। उस दौर में कई बड़े एक्टर भी उनकी दुकान पर पहुंचते थे जिनमें नाना पाटेकर और प्रशांत दामले जैसी हस्तियां शामिल हैं। उनकी चाय के चर्चे अक्सर होते थे।
क्या बोले लोग?
पत्रकार अंबरीश मिश्रा ने कहा कि बबन के चाय बनाने का अंदाज अपने आप में एक आकर्षण था, मानो कोई रूसी कलाकार प्रदर्शन कर रहा हो। उन्होंने कहा, 'बबन की चाय के आगे बकिंघम पैलेस की हाई टी भी फीकी पड़ जाती। वह हर कप को बड़ी बारीकी और सलीके से तैयार करते थे।'
यह भी पढ़ें: पंजाब में सिख चेहरे की तलाश में BJP, क्या भज्जी ले पाएंगे 'पाजी' की जगह?
पूर्व सासंद ने क्या बताया?
बबन की दुकान से चाय पीने वाले कई पत्रकार अन्य क्षेत्रों में भी काफी आगे गए। विधानसभा, विधान परिषद और लोकसभा तक गए नेता उनकी चाय पीने आया करते थे। अनुभवी पत्रकार रहे पूर्व सांसद कुमार केतकर और पूर्व विधान परिषद सदस्य कपिल पाटिल ने भी बताया कि वह बबन टी के नियमित ग्राहक रहे हैं। जिंदगी के इस पड़ाव पर इस तरह का सम्मान पाकर बबन काफी ज्यादा खुश हैं। उन्होंने कहा कि उनके लिए भी ये लोग सिर्फ ग्राहक नहीं, बल्कि परिवार की तरह हैं।
