संजय सिंह, पटना। आरा जंक्शन के समीप चलती ट्रेन में एक यात्री से 100 रुपये मांगने पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। रुपये नहीं देने पर आरोपियों ने यात्री पर चाकू से हमला कर दिया और नकदी छीनकर फरार हो गए। हालांकि रेल मदद पर की गई एक शिकायत ने पूरे मामले का रुख बदल दिया और कुछ ही घंटों के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

किन्नर मांग रहे थे रुपया 

घटना भागलपुर निवासी जहांगीर अंसारी के साथ हुई। वह केरल से अपने घर लौट रहे थे। ट्रेन जैसे ही आरा रेलवे स्टेशन के समीप पहुंची वैसे ही किन्नरों का एक समूह बोगी में चढ़ा और यात्रियों से रुपये मांगने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार समूह ने जहांगीर अंसारी से 100 रुपये मांगे। जब उन्होंने इनकार किया तो पहले उनसे बहस हुई और फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू से हमला करके उन्हें घायल कर दिया और जेब से रुपये निकाल लिए। घायल यात्री के शोर मचाने पर बोगी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अन्य यात्रियों ने किसी तरह स्थिति को संभाला।

 

यह भी पढ़ें: 'खतरे से बाहर सलीम खान', सलमान खान की हीरोइन ने बताया कैसी है तबीयत?

 रेल मदद ऐप पर की थी शिकायत 

जहांगीर अंसारी ने हिम्मत दिखाई और रेल मदद ऐप के जरिए शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई। आरपीएफ पोस्ट निरीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि सबसे पहले एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर चार अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। सभी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपित ट्रेन में चढ़कर यात्रियों से जबरन पैसे मांगते थे और विरोध करने पर डराने-धमकाने या मारपीट की घटनाएं करते थे।

 

यह भी पढ़ें: मंदिर के पास नमाज पढ़ रहे शख्स को पीटा, जबरन बुलवाया 'जय श्री राम'

आरा सदर अस्पताल में भर्ती

जहांगीर अंसारी को आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अब स्थिर है। पीड़ित ने बताया कि मामूली रकम नहीं देने पर उन पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस घटना ने एक बार फिर ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपियों की गिरफ्तारी ने यह संदेश जरूर दिया है कि शिकायत मिलते ही सख्त कदम उठाए जाएंगे। रेल पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की सूचना तुरंत हेल्पलाइन या रेल मदद ऐप के माध्यम से दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उधर, पुलिस ने गश्त और निगरानी बढ़ाने की बात कही है।