उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में नमाज पढ़ते समय एक शख्स पर हमला होने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उत्तराखंड पुलिस ने नामजद आरोपियों और कुछ अनजान लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया और जांच शुरू की। खबर है कि यह घटना मंगलवार दोपहर एक मंदिर के पास एक खाली प्लॉट में हुई।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित की पहचान 44 साल के मोहम्मद शाहिद के तौर पर हुई है। जो रेशमबाड़ी इलाके का रहने वाला है। वह पास के जगतपुरा इलाके में दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम करने गया था। खबर है कि वह दोपहर करीब 2 बजे अत्रिया मंदिर के पास एक खाली प्लॉट में नमाज पढ़ रहा था तभी कुछ लोग आए और कथित तौर पर उस पर हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें: इंजीनियर ने AI से लिखवा डाला कोड, काम खराब हुआ तो नौकरी से निकाला गया
वीडियो में क्या दिखा?
वायरल वीडियो में शाहिद नाम का एक शख्स खाली जमीन पर नमाज पढ़ता दिख रहा है। फिर एक आदमी उसके पास आता है। शाहिद की गर्दन पकड़कर जमीन पर गिरा देता है और फिर उसे लात-घूंसे मारता है। फिर वह आदमी शाहिद को गाली देता है। फिर वह एक आदमी से पूछता है, 'ब्राह्मणों की जमीन पर नमाज कैसे पढ़ रहे हो?' फिर एक व्यक्ति से शाहिद 'जय श्री राम' कहने कहता है और माफी मांगने को कहता है। हालांकि, अधिकारियों ने कहा है कि वीडियो को अभी भी अलग से वेरिफाई किया जा रहा है और पूरी स्थिति जांच के बाद ही साफ होगी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी अरविंद शर्मा और अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। जिनमें चोट पहुंचाने, आपराधिक धमकी देने और शांति भंग करने के इरादे से अपमान करने जैसी धाराएं शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 'आशुतोष ब्रह्मचारी की नाक काटो, 21 लाख देंगे', अब दिनेश फलाहारी ने किया एलान
शाहिद ने क्या कहा?
पीड़ित शाहिद ने मीडिया से बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से उसी इलाके में मजदूरी कर रहे थे। रमजान के चलते रोजा रखने के कारण वह दोपहर में पास में ही नमाज पढ़ लेते थे और घटना वाले दिन वहां नमाज पढ़ने का चौथा दिन था। शाहिद का आरोप है कि कुछ लोग अचानक पहुंचे, वीडियो रिकॉर्ड किया और फिर मारपीट की। उनका कहना है कि रिकॉर्डिंग बंद होने के बाद भी उन्हें डंडों से पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि जान बचाने के लिए उन्हें दबाव में नारे लगाने पड़े।