गुजरात में निकाय चुनाव की हलचल तेज हो गई है और राजनीतिक दलों ने अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतार दिया है। इस बीच एक ऐसा मामला सामने आया जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। गुजरात स्थानीय निकाय के लिए होने वाले चुनावों के लिए एक उम्मीदवार ने राज्य की तीन मुख्य राजनीतिक पार्टियों, बीजेपी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी से नामांकन भर दिया। हैरानी की बात है कि उसने तीनों पार्टियों से एक ही सीट के लिए नामांकन किया है और इसके बाद वह किस पार्टी में हैं इसको लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई। अब इस मामले की चर्चा पूरे देश में है। 

 

भरत सिंह वखला ने 10 अप्रैल को आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर अपना पहला नामांकन दाखिल किया। इसके अगले ही दिन यानी 11 अप्रैल को उन्होंने बीजेपी के प्रत्याशी के तौर पर और फिर कांग्रेस के प्रत्याशी के तौर पर नामांकन भर दिया। भरत सिंह ने तीनों नामांकन दाहोद जिला पंचायत की पिपेरो सीट के लिए किया है। राज्य के चुनावी इतिहास में यह एक दुर्लभ घटना है और हर कोई अब इसकी चर्चा कर रहा है। 

 

यह भी पढ़ें: केरल: एक और रोहित वेमुला केस? नितिन सुसाइड केस में क्या-क्या हुआ?

 

बीजेपी ने बताया अपना उम्मीदवार

इस सीट से कुल 11 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। इसमें बीजेपी और कांग्रेस से कई उम्मीदवार शामिल हैं। इसके साथ ही कुछ स्वतंत्र उम्मीदवार भी शामिल हैं। दाहोद जिले के बीजेपी अध्यक्ष सनेहल दारिया ने दावा किया कि भरत सिंह वखला उनकी पार्टी के उम्मीदवार हैं। हालांकि, भरत सिंह ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि अंत में वह किस पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ेंगे। 

विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं

भरत सिंह राज्य की राजनीति में कोई नया नाम नहीं हैं। इससे पहले उन्होंने आम आदमी पार्टी के टिकट पर और कांग्रेस के टिकट पर 2017 और 2022 का विधानसभा चुनाव जीता है। हालांकि, वह दोनों ही चुनाव में हार गए थे। अभी तक उन्होंने साफ नहीं किया है कि वह किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे लेकिन इतना जरूर कहा है कि स्थिति जल्द ही साफ हो जाएगा। 

 

यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में 'M' फैक्टर से कैसे चुनाव SIR पर शिफ्ट हुआ? पूरी कहानी

15 अप्रैल तक हो जाएगा साफ

भरत सिंह अभी भले ही यह साफ नहीं कर रहे हैं कि वह किस पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं लेकिन 15 अप्रैल तक उन्हें अपनी स्थिति साफ करनी होगी। चुनाव के नियमों के अनुसार, उम्मीदवार को कई नामांकन वापिस लेने होते हैं और सिर्फ एक ही नामांकन रखना होता है। नामांकन वापसी की तारीख 15 अप्रैल है। ऐसे में देखना होगा कि वह किस पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर मैदान में कूदते हैं।