हरियाणा के नूंह में आज ब्रज मंडल यात्रा निकाली जानी है। इसे दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कई कदम उठाए हैं। सुरक्षा कारणों के चलते प्रशासन ने अगले 24 घंटे के लिए इंटरनेट और SMS सर्विस पर रोक लगा दी है। इसके अलावा, नूंह में सोमवार को स्कूलों की भी छुट्टी कर दी गई है।

 

यह कदम इसलिए उठाए गए हैं, क्योंकि जुलाई 2023 में ब्रज मंडल यात्रा के दौरान हिंसा भड़क गई थी। इसमें 7 लोगों की मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि इस हिंसा के आरोपी बिट्टू बजरंगी के ब्रज मंडल यात्रा में शामिल होने पर भी रोक लगाई गई है।

नूंह में क्या हैं सुरक्षा के इंतजाम?

  • 2,500 पुलिसकर्मी तैनातः यात्रा रूट पर कानून व्यवस्था के लिए 2,500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। रास्ते भर में 14 DSP भी तैनात रहेंगे। 28 चेकपॉइंट्स बनाए गए हैं। ड्रोन उड़ाने और आतिशबाजी करने पर भी रोक रहेगी। स्निफर डॉग्स, बॉम्ब स्क्वॉड, 4 ड्रोन और 21 वीडियो कैमरा से निगरानी की जाएगी।
  • इंटरनेट बंदः नूंह में रविवार रात 9 बजे से ही इंटरनेट और SMS सर्विस बंद कर दी गई हैं। यह रोक सोमवार रात 9 बजे तक रहेगी। हालांकि, इस दौरान बैंकिंग सर्विस, मोबाइल रिचार्ज और वॉयस कॉल से जुड़ी SMS सर्विस जारी रहेंगी।
  • स्कूल बंदः यात्रा के मद्देनजर सोमवार को नूंह में सभी स्कूल बंद करने के आदेश दिए गए हैं। डिप्टी कमिश्नर विश्राम कुमार मीणा की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि छात्रों की सुरक्षा और सुविधा के लिए 14 जुलाई को सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे।
  • नॉन-वेज फूड पर बैनः बताया जा रहा है कि यात्रा के रूट पर पड़ने वाली मीट की दुकानों और मीट की फैक्ट्रियों को भी बंद रखने के आदेश दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धार्मिक स्थलों के आसपास की मीट की दुकानें भी बंद रखी जाएंगी।

यह भी पढ़ें-- मैंगो डिप्लोमेसी’ के जरिए यूनुस बढ़ा रहे भारत की तरफ दोस्ती का हाथ?

दो साल पहले भड़क गई थी हिंसा

नूंह में ब्रज मंडल यात्रा सावन के पहले सोमवार को होती है। यह यात्रा नल्हार महादेव मंदिर से शुरू होकर फिरोजपुर झिरका के झिर मंदिर तक होती है। दो साल पहले जुलाई 2023 में इस यात्रा के दौरान हिंसा भड़क गई थी। दो गुटों में टकराव के बाद सांप्रदायिक तनाव बढ़ गया था। इस हिंसा में 7 लोगों की मौत हो गई थी।

 

इस हिंसा को भड़काने में हिंदू संगठन के नेता बिट्टू बजरंगी के अलावा 3 और बड़े नाम सामने आए थे। जिनमें मोनू मानेसर, अशोक बाबा और फिरोजपुर झिरका सीट से कांग्रेस विधायक मामन खान का नाम शामिल था।

 

इसके बाद पिछले साल भी प्रशासन ने नूंह में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। इंटरनेट भी बंद कर दिया गया था।