भारत के ज्यादा से ज्यादा राज्यों में ठंड का अहसास अभी-भी लोग कर रहे हैं। अगर पूरे दिन ठंड का अहसास नहीं हो रहा है तो सुबह-शाम ठंड का एहसास निश्चित रूप से किया जा सकता है। इसी बीच महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मौसम विभाग ने लू को लेकर चेतावनी जारी की है। आमतौर पर देखा जाए तो लू चलने की आशंका मई और जून महीने में होती है लेकिन मुंबई सहित वहां के आसपास के इलाकों में गर्मी बढ़ने के साथ लू चलने की आशंका जताई जा रही है।

 

मुंबई सहित आसपास के कई इलाकों में फरवरी से ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी में हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने 25 से 26 फरवरी के बीच इन इलाकों में हीटवेव चलने की आशंका जताई है।

 

यह भी पढ़ें: पोप की मौत के बाद क्या होता है? कैसे चुना जाता है नया धर्म गुरु

IMD की रिपोर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने बताया कि मुंबई और इनसे सटे इलाकों में अगले दो दिनों में तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। ऐसे में दोपहर के समय तापमान बढ़ सकता है और लू चलने की गुंजाइश बढ़ सकती है। हीटवेव की स्थिति तब बनती है जब तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री अधिक हो जाता है।

क्या समुद्री इलाके में बढ़ेगी गर्मी?

समुद्र के किनारे बसे इलाकों में उमस बढ़ सकती है। साथ ही तापमान बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। अनुमान लगाया गया है कि मुंबई में स्थित कोकण क्षेत्र में गर्मी के साथ उमस भी बढ़ेगी, जिससे लोगों को और ज्यादा परेशानी हो सकती है। जबकि रत्नागिरी और अलीबाग जैसे समुद्री इलाकों में भी तापमान बढ़ने की संभावना है। 

 

यह भी पढ़ें- अगर USAID बंद हुआ तो भारत में कौन-सी सुविधाएं हो जाएंगी बंद?

कैसे करें हीटवेव(लू) से बचाव?

  • पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, प्यास न लगे तब भी पानी पीते रहें। 
  • हल्के रंग के, ढीले और छिद्रयुक्त कपड़े पहनें।
  • धूप में बाहर जाते समय टोपी, छाता, धूप का चश्मा, जूते या चप्पल पहनें।
  • धूप में बाहर निकलने से बचें।
  • ज़्यादा शारीरिक श्रम करने से बचें।
  • हल्का भोजन करें।
  • गर्मी में पाचन क्रिया धीमी पड़ जाती है, इसलिए गर्म भोजन जैसे- मांस, अंडा, सूखे मेवे व तला-भुना भोजन बिल्कुल न करें। 
    शराब, चाय, कॉफ़ी और कार्बोनेटेड शीतल पेय से बचें।
  • घर के अंदर या छायादार स्थान पर विश्राम करें।
  • सनस्क्रीन लगाएं।
  • गर्मी से होने वाली थकावट या हीटस्ट्रोक से बचने के लिए नियमित रूप से घर के अंदर या छायादार स्थान पर विश्राम करें।
  • अगर लू लग जाए, तो तुरंत नज़दीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाएं।