उत्तर प्रदेश के मथुरा में देश का पहला गौ संस्कृति संग्राहलय बनने जा रहा है। यह म्यूजियम पंडित दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान यूनिवर्सिटी कैंपस में बनाया जाएगा। इस म्यूजियम को बनाने की पहल उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने की है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस प्रोजेक्ट के लिए जमीन का चयन कर लिया गया है। 

 

शनिवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक हुई थी। इस बैठक में इस प्रोजेक्ट पर चर्चा की गई और बैठक के बाद इस प्रोजेक्ट की घोषणा की गई। यह परिषद ब्रज क्षेत्र की विरासत के सरंक्षण के लिए बनाई गई थी और अब गौ संस्कृति म्यूजियम बनाकर यह ब्रज विरासत को मजबूत करना चाहती है। 

 

यह भी पढ़ें: तेज धमाका, फटे कपड़े, चीख-पुकार..., भुवनेश्वर धमाके का CCTV फुटेज डरा देगा

क्या बोले अधिकारी?

बैठक के बाद परिषद ने रविवार को शिवरात्रि के दिन एक बयान जारी किया। बयान में परिषद ने कहा कि म्यूजियम गाय के धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्तव के साथ-साथ इसके वैज्ञानिक फायदों को आम लोगों तक पहुंचाएगा। आगरा मंडल के आयुक्त नगेंद्र प्रताप ने बताया कि यह म्यूजियम वैज्ञानिक नजरिए से गाय और उससे मिलने वाले उत्पादों की उपयोगिता को भी आसान तरीके से समझाया जाएगा। 


नागेंद्र प्रताप ने बताया कि म्यूजियम में गायों के करीब 100 डिजिटल और फिजिकल मॉडल दिखाए जाएंगे। इसमें देश में पाई जाने वाली गायों की मुख्य नस्लों के साथ लुप्त होने वाली प्रजातियां भी शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि इसका मकसद है कि आने वाली पीढ़ियों को भारत की समृद्ध गाय विरासत की पूरी समझ मिल सके। 

जमीन का किया निरीक्षण

शनिवार को ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्रा, मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप समेत कई लोगों ने इस प्रोजेक्ट के लिए प्रस्तावित जमीन का निरीक्षण किया और प्रोजेक्ट पर चर्चा की। इस दौरान मथुरा के जिलाधिकारी सीपी सिंह, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन, परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल, पर्यावरण सलाहकार मुकेश शर्मा और विश्वविद्यालय के डॉ. अमित शुक्ला भी मौजूद रहे। 

 

यह भी पढ़ें: सर्दी को सितम खत्म, आज 7 राज्यों में होगी बारिश, दक्षिण में उमस भरा मौसम

म्यूजियम में होगी खास प्रदर्शनी

इस प्रस्तावित म्यूजियम में गाय के दूध और उससे बनने वाले उत्पादों, जैसे दूध, दही, पनीर और घी की भी खास प्रदर्शनी होगी। म्यूजियम में लेटेस्ट टेक्नोलॉजी के जरिए इनके पोषण, स्वास्थ्य और आयुर्वेदिक लाभों को सरल भाषा में बताया जाएगा। इसके साथ ही कैंपस में मिल्क प्रोड्क्शन बूथ भी बनाया जाएगा, जहां शुद्घ दूध और दूध से बने प्रोड्क्ट शामिल होंगे। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नेशनल लेवल पर यह प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है, जो ब्रज क्षेत्र को नई पहचान देगा और वैज्ञानिक आधार पर गौ आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा।