जम्मू-कश्मीर में एंटी-करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को राज्य के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी के भाई विजय चौधरी के घर पर छापेमारी की। यह छापेमारी जम्मू में उनके आवास पर की गई, जहां ACB की टीम सुबह पहुंची। विजय चौधरी जम्मू-कश्मीर पुलिस में इंस्पेक्टर हैं।

 

सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई दो मुख्य वजहों से जुड़ी है। एक तरफ आय से अधिक संपत्ति (disproportionate assets) का मामला है, जिसमें पहले FIR दर्ज हो चुकी है। दूसरी तरफ अवैध खनन (illegal mining) की जांच चल रही है। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी के पास खनन विभाग का महत्वपूर्ण पोर्टफोलियो है। कई इलाकों में रेत, बजरी और पत्थरों की अवैध निकासी की शिकायतें लंबे समय से हैं। विरोधी दल सरकार पर आरोप लगाते रहे हैं कि नियमों का सख्ती से पालन नहीं हो रहा है और कुछ लोगों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें: जम्मू कश्मीर में खुलेंगे 14 और टूरिस्ट स्पॉट, आदेश जारी, देख लें पूरी लिस्ट

संतोख विहार, तालो कला में छापा

ACB की टीम ने जम्मू के संतोख विहार, तालो कलो चक इलाके में छापा मारा। कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया कि राजौरी के नौशेरा में उनके पैतृक घर पर भी सर्च चल रही है। टीम दस्तावेज खंगाल रही है और विजय चौधरी से पूछताछ कर रही है। पिछले साल सितंबर में विजय चौधरी का तबादला लद्दाख में हो गया था लेकिन मेडिकल आधार पर उन्होंने वहां जॉइन नहीं किया। वह फिलहाल सस्पेंड हैं।

पहले भी लगे हैं आरोप

यह घटना जम्मू-कश्मीर में राजनीतिक तनाव बढ़ा रही है। विपक्ष पहले से ही खनन विभाग में अनियमितताओं, राजस्व नुकसान और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगा रहा है। कुछ लोग कहते हैं कि कुछ स्टोन क्रशर और ठेकेदारों को राजनीतिक कनेक्शन की वजह से फायदा मिल रहा है। उपमुख्यमंत्री ने पहले अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई का वादा किया था और विभाग में पारदर्शिता लाने की बात कही थी लेकिन उनके भाई पर यह कार्रवाई से विपक्ष को नया हमला करने का मौका मिल गया है। 

एसीबी सक्रिय है

अब विधानसभा में इस मुद्दे पर बहस तेज हो सकती है। ACB पिछले महीनों में कई विभागों में भ्रष्टाचार, अवैध नियुक्तियों और रिश्वत के मामलों में सक्रिय रहा है। अभी तक विजय चौधरी के खिलाफ कोई आधिकारिक आरोप स्पष्ट नहीं किए गए हैं। जांच जारी है और आगे और सर्च या समन हो सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें: क्या जम्मू कश्मीर में भी होगी शराबबंदी? तीन विधेयक को किया गया पेश

क्या बोले सुरिंदर चौधरी

जम्मू कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने कहा, ‘यह उस अधिकारी के खिलाफ किया जा रहा है जिसने अपने सर्विस पीरियड में थानामंडी और डोडा जैसे स्थानों पर आतंकवादियों को मारा। उन्होंने कहा कि पुरस्कार देने के बजाय उन्होंने उनके घर पर एसीबी को भेज दिया। यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है।’