कर्नाटक की राजनीति में आज का दिन बेहद अहम है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने नाश्ते पर एक मीटिंग बुलाई है जिसे उनकी 'आखिरी कैबिनेट मीटिंग' माना जा रहा है। चर्चा है कि सिद्धारमैया आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं और मौजूदा डिप्टी सीएम डी के शिवकुमार अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं। इस बीच डी के शिवकुमार के समर्थकों का जोश हाई है और गुरुवार सुबह से ही बेंगलुरु में उनके घर के बाहर भीड़ जुटने लगी है। कांग्रेस नेतृत्व ने संभवत: इसी सत्ता परिवर्तन के लिए रणदीप सुरजेवाला को दिल्ली से बेंगलुरु भेजा है। कांग्रेस के किसी प्रवक्ता की ओर से तो इसकी औपचारिक पुष्टि नहीं की है लेकिन कई कांग्रेस विधायकों ने मीडिया से बातचीत में सत्ता परिवर्तन की बात स्वीकार की है।
अब कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलेगा या नहीं, बदलाव होगा तो मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का क्या रिऐक्शन होगा और उनके समर्थक इस पर क्या करेंगे। ये सब जानने के लिए आप यह लाइव ब्लॉग पढ़ते रहिए।
पढ़ें हर अपडेट
10:21
सिद्धा ने लगाया गले, DK ने पैर छू लिए
सिद्धारमैया की ब्रेकफास्ट मीटिंग में पहुंचे डीके शिवकुमार ने पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। अब सामने आई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार गले भी मिले।
10:08
'धन्यवाद देना चाहते हैं सिद्धारमैया'
इस पूरे घटनाक्रम पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक सरकार के गृहमंत्री जी परमेश्वर ने कहा है, 'मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को नाश्ते पर बुलाया है। इस्तीफा देने से पहले वह सभी को धन्यवाद देना चाहते हैं। मुझे यह नहीं पता है कि उन्हें दिल्ली में कोई पद ऑफर हुआ है कि नहीं। यह पूरी तरह से हाई कमान पर निर्भर करता है।'
09:46
शिवकुमार के समर्थक बांटने लगे मिठाई
बेंगलुरु में जुटे डीके शिवकुमार के समर्थक नारेबाजी करते हुए मिठाई बांटने लगे हैं।
09:45
सिद्धारमैया के घर पहुंचे शिवकुमार
कर्नाटक में जारी हलचल के बीच डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के घर नाश्ता करने पहुंच गए हैं।
09:12
सिद्धारमैया के घर पहुंच रहे नेता, MP में हैं राज्यपाल
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के घर पर आयोजित ब्रेकफास्ट मीटिंग के लिए नेताओं का पहुंचना शुरू हो गया है। इस बीच कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत मध्य प्रदेश के इंदौर में हैं।
09:06
सिद्धारमैया के सलाहकार ने कंफर्म कर दिया बदलाव
कर्नाटक के मुख्यमंत्री के कानूनी सलाह ए एस पोन्नना ने कहा है, 'कुछ बदलाव होने हैं और हम इसे खारिज नहीं कर सकते हैं। हम अपनी आंख बंद नहीं कर सकते हैं लेकिन अभी हम कुछ नहीं कह सकते हैं। जो फैसला लेना है वह पार्टी हाई कमान को लेना है।'
08:26
सिद्धारमैया के घर के बाहर हलचल
ब्रेकफास्ट मीटिंग से पहले सिद्धारमैया के घर के बाहर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कुछ देर में डीके शिवकुमार समेत तमाम नेता सिद्धारमैया के घर पहुंचने वाले हैं। इस मीटिंग के बाद कर्नाटक में बड़ा एलान होने की चर्चा है।
08:12
सिद्धारमैया ने बुलाई मीटिंग
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने घर पर नाश्ते पर एक मीटिंग बुलाई है। इस मीटिंग में डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार समेत तमाम वरिष्ठ नेता और मंत्री शामिल हो सकते हैं।
08:12
DK शिवकुमार के समर्थक उत्साहित
चर्चा है कि अगले सीएम डीके शिवकुमार बन सकते हैं। ऐसे में उनके समर्थक बेंगलुरु में उनके घर के बाहर फूल-माला और गुलदस्ते लेकर इकट्ठा हो गए हैं।
