गुजरात के कच्छ जिले में माधापर को दुनिया का सबसे अमीर गांव माना जाता है। लगभग 7 से 8 हजार की आबादी वाले इस गांव में अलग अलग बैंकों में गांव वालों के कुल 7000 करोड़ रुपये से अधिक जमा हैं। गांव में करीब 17 बैंक शाखाएं हैं जो किसी छोटे कस्बे के मुकाबले भी अधिक मानी जाती हैं। आर्थिक समृद्धि और बेहतर सुविधाओं के कारण माधापर देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में रहता है।

 

माधापर की अमीरी का मुख्य कारण यहां के लोगों के विदेशों में चल रहे बिजनेस और रोजगार हैं। गांव के हजारों लोग कई दशकों से यूनाइटेड  किंगडम, यूनाइटेड स्टेट्स, कनाडा  और अफ्रीका के विभिन्न देशों में रहकर व्यापार और नौकरी कर रहे हैं। विदेशों में सफल होने के बाद भी इन लोगों का अपने गांव से गहरा जुड़ाव बना हुआ है। यही वजह है कि वे नियमित रूप से अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा गांव में भेजते हैं और यहां निवेश करते हैं।

 

यह भी पढ़ें: पढ़े लिखे लोग भी कैसे हो जाते हैं डिजिटल अरेस्ट के शिकार? डर का मनोविज्ञान समझिए

विदेशी कमाई से बदलती तस्वीर

विदेशों से आने वाले धन के कारण माधापर में इकोनॉमिक ऐक्टिविटीज़ लगातार बढ़ी हैं। गांव में बड़े और आधुनिक मकान, अच्छी सड़कें, बैंक, शैक्षणिक संस्थान और स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार गांव में अधिकांश परिवारों का कोई न कोई सदस्य विदेश में काम करता है। जिससे गांव की आय और जीवन स्तर में लगातार सुधार हुआ है। माधापर की खास बात यह भी है कि यहां विकास के साथ सामाजिक ढांचा भी मजबूत बना हुआ है।

 

गांव में कई कम्युनिटी आर्गेनाईजेशन चालू हैं जो शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कार्यों में योगदान देती हैं। प्रवासी भारतीयों ने गांव में स्कूल, हॉस्टल और कम्युनिटी हॉल बनाने में भी आर्थिक सहयोग दिया है। इससे स्थानीय युवाओं को बेहतर शिक्षा और अवसर मिल रहे हैं।

बैंकों की भरमार

बैंकों की अधिक संख्या भी माधापर की आर्थिक स्थिति को दर्शाती है। अलग-अलग राष्ट्रीय और निजी बैंकों ने यहां अपनी शाखाएं खोली हैं, ताकि ग्रामीणों को वित्तीय सेवाएं आसानी से मिल सकें। बैंक अधिकारियों के अनुसार यहां की जमा राशि कई छोटे शहरों से भी अधिक है।