महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार का आज सुबह एक विमान हादसे में निधन हो गया है। वह कई कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए बारामती जा रहे थे लेकिन लैंडिंग के दौरान विमान हादसे का शिकार हुआ और खेत में जा गिरा। विमान में अजीत पवार समेत कुल पांच लोग थे और सभी की दुखद मौत हो गई है। दुर्घटना बहुत भीषण थी कि विमान के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद चारों तरफ मलबा ही मलबा दिखाई दिया और मृतकों के शवों की पहचान भी नहीं की जा सकी। इस हादसे की अब एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। 

 

हादसे वाली जगह से कुछ दूर लगे एक सीसीटीवी में यह दर्दनाक हादसा कैद हुआ। अजीत पवार जिस चार्टर विमान से जा रहे थे वह बारामती में दुर्घनाग्रस्त हुआ और सीसीटीवी में साफ देखा जा सकता है कि विमान के दुर्घटनाग्रस्त होते ही एक बड़ा धमाका हुआ। सोशल मीडिया पर अब इस हादसे की सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रही है। 

 

यह भी पढ़ें: सांइटिस्ट, ऐक्टर, से CM-डिप्टी सीएम तक, विमान हादसों में देश ने क्या खोया?

सीसीटीवी में क्या दिखा?

 

सीसीटीवी फुटेज हादसे वाली जगह से कुछ दूर पर एक सड़क किनारे लगे कैमरे की है। इसमें देखा जा सकता है कि सुबह करीब 8 बजकर 46 मिनट पर यह हादसा हुआ है। हादसे से पहले हालात सामान्य थे लेकिन अचानक सामने एक बड़ा विस्फोट होता है। विस्फोट के बाद आग और धुंआ दिखाई देता है। हादसा कितना भयंकर था इसका अंदाजा वीडियो देखकर ही लगाया जा सकता है। 

चश्मदीद ने क्या बताया?

इस घटना का बाद से बारामती से लेकर पूरे देश में शोक की लहर है। एक चश्मदीद ने बताया, 'यह बहुत दुख भरी घटना है। जब यह प्लेन नीचे आ रहा था तो ऐसा लग रहा था कि वह क्रैश हो जाएगा। हम सोच ही रहे थे कि तभी क्रैश हो गया। हमने लगा नहीं कि क्रैश हो गया है। एक बार को लगा कि एयर स्ट्रिप पर उतरा है लेकिन क्रैश हुआ और उसमें जबरदस्त विस्फोट हो गया।'

 

यह भी पढ़ें: प्लेन क्रैश में अजित पवार की मौत, PM समेत देशभर के नेताओं ने जताया दुख

प्लेन क्रैश के समय हुए कई विस्फोट

इस हादसे के चश्मदीदों ने बताया कि विस्फोट होने के बाद जब हम देखने आए तो यहां आग लग गई थी। उसके बाद 4 से 5 विस्फोट और हुए। हादसे के बाद वहां भयंकर आग लग गई थी और करीब एक घंटे बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। अजीत पवार तीन दशक से भी लंबे समय तक राजनीति में सक्रिय रहे। वह लोकसभा और महाराष्ट्र विधानसभा के लिए कई बार चुनाव लड़े और जीते भी। वह कांग्रेस, बीजेपी और शिवसेना की सरकारों में मंत्री और डिप्टी सीएम भी रहे। उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर है।