महाराष्ट्र के बारामती में हुए एक गंभीर विमान हादसे में राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया। इस दुखद खबर के सामने आते ही देश और राज्य के कई बड़े नेताओं ने शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और राज्य के मुख्यमंत्री ने इस मुश्किल घड़ी में अजित पवार के परिवार के प्रति संवेदना जताई और उनके साथ खड़े होने की बात कही।
मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अजित पवार का जाना उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने कहा, 'महाराष्ट्र ने एक ऐसा नेता खो दिया है जिसका कोई विकल्प नहीं है। वे मेरे बहुत अच्छे दोस्त थे और हमने साथ मिलकर राज्य के विकास के लिए कई चुनौतियों का सामना किया। मैं और एकनाथ शिंदे जी आज ही बारामती जाएंगे।' सीएम ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को भी इस दुखद घटना की जानकारी दे दी है।
यह भी पढ़ें: पार्थ, रोहित और जय..., पवार परिवार की अगली पीढ़ी मैं कौन-कौन है?
नेताओं ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोस्ट कर अपनी संवेदनाएं दीं। उन्होंने कहा, 'अजित पवार जी एक जननेता थे जिनकी पकड़ जमीन से जुड़ी हुई थी। उनका जाना बेहद चौंकाने वाला और दुखद है। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।'
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि सहकारिता क्षेत्र और महाराष्ट्र के विकास में अजित पवार के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने पवार परिवार और सुप्रिया सुले से फोन पर बात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा, 'मैं पूरे पवार परिवार और उनके समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं। मैंने अजीत पवार की पत्नी और सुप्रिया जी (सुप्रिया सुले) से बात की है।'
केंद्रीय मंत्री अठावले ने कहा, 'वह महाराष्ट्र के एक महान नेता थे। उन्होंने राज्य के विकास के लिए महायुति जॉइन की थी। उन्होंने महाराष्ट्र के लिए शानदार काम किया और महाराष्ट्र के लोकल बॉडी चुनावों में बड़ी सफलता हासिल की। प्लेन क्रैश में उनकी अचानक मौत महाराष्ट्र के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान है।'
एकनाथ शिंदे ने इसे महाराष्ट्र के लिए एक काला दिन बताया। उन्होंने कहा, 'यह महाराष्ट्र के लिए एक दुखद दिन है। यह हमारे और पूरे महाराष्ट्र के लिए एक दर्दनाक घटना है। अजीत दादा अपनी बात के पक्के थे। जब मैं सीएम था और वह डिप्टी सीएम थे, तब हमने एक टीम के तौर पर काम किया था। टीम के तौर पर हमने लाडली बहन योजना शुरू की थी और अजीत दादा ने इसमें अहम भूमिका निभाई थी।'