बिहार के बेतिया में बोर्ड परीक्षा के दौरान एक बहुत ही दुखद स्थिति देखने को मिली, जहां कई छात्र-छात्राओं का साल बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गया है। शहर की सड़कों पर लगे भारी ट्रैफिक जाम की वजह से बहुत से परीक्षार्थी अपने एग्जाम सेंटर पर तय समय के बाद पहुंचे। जब ये छात्र केंद्र पर पहुंचे, तो वहां के गेट बंद हो चुके थे। ऐसी ही एक लड़की का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। कुछ मिनट की देरी से पहुंचे कई बच्चों को परीक्षा देने से रोक दिया गया।
छात्रों ने गेट खुलवाने के लिए बहुत मिन्नतें की और रोते हुए अपनी मजबूरी बताई, लेकिन अधिकारियों ने बोर्ड के सख्त नियमों का हवाला देते हुए उन्हें एंट्री देने से साफ मना कर दिया। छात्रों का कहना है कि वे समय से घर से निकले थे लेकिन सड़कों पर गाड़ियां इस कदर फंसी थीं कि चाहकर भी वे समय पर नहीं पहुंच सके।
यह भी पढ़ें: हरियाणा के पलवल में दूषित पानी पीने से 12 की मौत, सैकड़ों लोग पड़ गए बीमार
लड़कियों का रो-रोकर बुरा हाल
देर से पहुंची एक छात्रा ने बताया कि उसके साथ तीन-चार और लड़कियां भी थी, जो जाम की वजह से फंस गई थीं। उसने दुखी होकर कहा, 'हम बार-बार कह रहे हैम कि हम लेट हो गए हैं क्योंकि रास्ता जाम था लेकिन वे हमें अंदर नहीं जाने दे रहे। हमारी कोई गलती नहीं है, फिर भी हमारी बात नहीं सुनी जा रही है।'
यह भी पढ़ें: बिना वकील कोर्ट में केस जीत गया स्टूडेंट, सुप्रीम कोर्ट के जज ने भी कर दी तारीफ
साल बर्बाद होने का डर
दूसरी तरफ, एग्जाम सेंटर के अधिकारियों का कहना है कि वे मजबूर हैं। बोर्ड के नियम बहुत सख्त हैं और एक बार गेट बंद होने के बाद किसी को भी अंदर लेना उनके हाथ में नहीं है। चाहे जाम हो या कोई और वजह, समय निकलने के बाद एंट्री देना मुमकिन नहीं है। इस वजह से छात्रों और उनके माता-पिता काफी गुस्से और दुख में है।
