दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक मां पर अपनी ही दो बेटियों की हत्या करने का आरोप लगा है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने 54 वर्षीय महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो कथित तौर पर वारदात के बाद खुदकुशी करने की कोशिश भी कर रही थी।

 

यह मामला 6 मार्च का है जब एफ-ब्लॉक स्थित एक मकान में दो बहनों के शव संदिग्ध हालात में मिले। दोनों की उम्र 34 और 28 साल बताई जा रही है। घर के ही एक अन्य कमरे में उनकी मां बेहोश अवस्था में मिलीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में इसे मर्डर-सुसाइड का मामला माना गया था।

 

यह भी पढ़ें: महिला ने प्रेमी संग मिलकर सास को उतारा मौत के घाट, किरायेदार से थे अवैध संबंध

अलग-अलग कमरों में मिलीं दोनों बेटियां

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों बहनों के शव अलग-अलग कमरों में पड़े थे। बड़ी बेटी, जो मानसिक रूप से कमजोर बताई जा रही है, उसके चेहरे पर तकिया रखा हुआ था। वहीं छोटी बेटी, जो कानून की पढ़ाई कर रही थी, उसके गले में फंदा पाया गया। दोनों की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई।

 

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद महिला ने खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। उसे बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज और मानसिक जांच के बाद शुक्रवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: आंध्र प्रदेश में मिलावटी दूध पीने की वजह से 20 लोग बीमार, 16 की मौत

महिला ने ऐसा अपराध क्यों किया?

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि महिला लंबे समय से मानसिक तनाव में थी। उसका अपने पति के साथ संबंध ठीक नहीं था और वह आर्थिक रूप से भी दूसरों पर निर्भर थी। पुलिस का मानना है कि इन परिस्थितियों ने उसे इस खौफनाक कदम उठाने के लिए मजबूर किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि वारदात के पीछे और क्या कारण हो सकते हैं।