देश के मशहूर शायर मुनव्वर राना की बेटी को तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। उनकी बेटी हिबा राना ने अपने पति के खिलाफ लखनऊ के सादतगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। 19 दिसंबर 2013 को हिबा राना की शादी सैय्यद मोहम्मद साकिब के साथ हुई थी। उन्होंने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक हिबा ने पति पर मारपीट के बाद घर से निकालने का आरोप लगाया है।

 

अपनी शिकायत में हिबा राना ने कहा कि शादी के वक्त उनके परिजनों ने लाखों रुपये का दहेज दिया था। बावजूद इसके ससुराल पक्ष ने और दहेज की मांग की और प्रताड़ित भी किया। कई बार परिवार ने मांग भी पूरी की, लेकिन यह थमने की जगह और बढ़ती जा गई। डिमांड पूरी नहीं होने पर प्रताड़ित किया गया। लखनऊ पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।

 

यह भी पढ़ें: ईरान की राजधानी तेहरान में लगी भीषण आग, दूर तक दिखाई पड़ रहीं लपटें

ससुराल से मिल रहीं धमकियां: हिबा

हिबा का कहना है कि ससुराल और पति से लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्हें ससुराल में हमेशा खौफ के माहौल में रखा गया। पिछले साल 9 अप्रैल को पति ने उनके साथ मारपीट की और तीन तलाक देकर घर से बाहर कर दिया। आरोप यह है कि इस दौरान पति ने दोनों बच्चों को कमरे में बंद कर दिया था। उन्होंने पति और ससुराल पक्ष पर 20 लाख रुपये और फ्लैट मांगने का भी आरोप लगाया। 

 

यह भी पढ़ें: विपक्ष के 8 सांसदों को क्यों किया गया निलंबित, इस कदम पर किसने क्या कहा?

जांच में जुटी लखनऊ पुलिस

लखनऊ के करीमगंज इलाके में मुनव्वर राना की बेटी हिबा खान रहती हैं। सादतगंज थानाध्यक्ष का कहना है कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि 14 जनवरी 2024 को दिल का दौरा पड़ने से मशहूर शायर मुनव्वर राना का निधन 71 साल की उम्र में निधन हो गया था। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में जन्मे मुनव्वर राना का अधिकांश जीवन कोलकाता में व्यतीत हुआ था।