पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी इस बार दो-दो विधानसभा सीटों से विधायक बने हैं। अब विधायक पद की शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने बताया है कि वह दोनों सीटों से शपथ नहीं ले सकते इसलिए वह एक सीट से इस्तीफा दे रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पहले नंदीग्राम और फिर भवानीपुर से हराने वाले शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि वह नंदीग्राम सीट से इस्तीफा दे देंगे और भवानीपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसका मतलब यह है कि पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री इस बार भी भवानीपुर का ही विधायक होगा। ममता बनर्जी भी इसी सीट से 2021 से 2026 तक विधायक थीं।

 

रोचक बात है कि ममता बनर्जी 2011 से भवानीपुर विधानसभा सीट से चुनाव जीतती आ रही थीं लेकिन 20221 में वह शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लड़ने नंदीग्राम गई थीं। तब भी शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें हरा दिया था। तब मुख्यमंत्री बने रहने के लिए उन्होंने भवानीपुर से जीते शोवनदेव चटोपाध्याय से इस्तीफा दिलवाया और उपचुनाव में जीत गईं। इस बार शुभेंदु अधिकारी ने अपनी नंदीग्राम सीट के साथ-साथ भवानीपुर से भी चुनाव लड़ा और ममता बनर्जी को लगभग 15 हजार वोटों के अंतर से चुनाव हरा दिया। 

 

यह भी पढ़ें: 12 में 93 पेपर लीक? Gen Z से 'बांग्लादेश क्रांति' की अपील कर रहे केजरीवाल


क्या बोले CM शुभेंदु अधिकारी?

विधायकों के शपथ ग्रहण के बाद शुभेंदु अधिकारी ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'मैं दो विधानसभा सीटों के लिए तो शपथ ले नहीं सकता हूं इसलिए मैंने भवानीपुर के विधायक के रूप में शपथ ली है। अब संविधान के मुताबिक, मुझे नंदीग्राम विधानसभा को छोड़ना होगा।' उन्होंने यह भी कहा है कि नंदीग्राम के लोगों के लिए वह उसी तरह काम करते रहेंगे जैसे कि अब तक करते रहे। शुभेंदु अधिकारी ने यह भी कहा है कि पार्टी के किसी समर्पित कार्यकर्ता को ही नंदीग्राम से चुनाव लड़ाया जाएगा और उसे नंदीग्राम का विधायक बनाया जाएगा।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा है, 'नंदीग्राम से कोई और विधायक (उपचुनाव में) चुना जाएगा लेकिन मैं वहां के लोगों को अपनी कमी महसूस नहीं होने दूंगा। मैं राज्य के बाकी हिस्सों के साथ ही नंदीग्राम के लोगों से किए गए सभी विकास संबंधी वादों को पूरा करूंगा।’ बता दें कि शुभेंदु अधिकारी ने 2009 से 2016 तक नंदीग्राम से तृणमूल कांग्रेस विधायक रहीं फिरोजा बीबी के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा, ‘तब मैं आधिकारिक तौर पर उस सीट का विधायक नहीं था, फिर भी मैंने 2008 के नंदीग्राम पुलिस गोलीबारी कांड में शहीद हुए व्यक्ति की मां फिरोजा बीबी को पूरा समर्थन दिया था। इस बार भी मैं वैसी ही भूमिका निभाऊंगा।’

 

यह भी पढ़ें: 118 के लिए 4 बार दौड़े, कैसे सदन में पड़ गए 144 वोट? फ्लोर टेस्ट में पास विजय

 

बता दें कि शुभेंदु अधिकारी भवानीपुर और नंदीग्राम से पहले कांठी दक्षिण विधासभा सीट के विधायक और तमलुक लोकसभा सीट के सांसद भी रह चुके हैं। 2021 में बीजेपी ने उन्हें पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया था और इस बार वह पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री चुने गए हैं।