संजय सिंह, पटना। बिहार की सियासत में इन दिनों जनता दल (यू) के भीतर गतिविधियां तेज हो गई हैं। एक ओर जहां निशांत कुमार ने 3 मई से बिहार यात्रा पर निकलने का ऐलान कर पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भर दी है, वहीं संगठन को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर रणनीति भी तैयार की जा रही है।

पार्टी कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद 

मंगलवार को जदयू कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद निशांत कुमार ने अपनी प्रस्तावित यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस दौरान वे राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करेंगे। खास बात यह रही कि उन्होंने इस यात्रा में संजय कुमार झा को 'संजय अंकल' कहकर संबोधित किया और बताया कि झा समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता इस अभियान में उनके साथ रहेंगे। इस घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

निशांत करेंगे जिला अध्यक्षों से मुलाकात 

इस बीच, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने भी इस पहल को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल निशांत कुमार जिलाध्यक्षों से मुलाकात कर रहे हैं और संगठन को समझने की प्रक्रिया में हैं। आने वाले समय में उनकी यात्रा को लेकर पार्टी स्तर पर विस्तृत रणनीति बनाई जाएगी। इससे साफ है कि जदयू नेतृत्व निशांत की सक्रियता को एक संगठित राजनीतिक रूप देने की दिशा में काम कर रहा है।

 

यह भी पढ़ें: 'ईरान ने कई बार युद्धविराम तोड़ा', वार्ता से पहले भड़के डोनाल्ड ट्रंप

 

इधर, पार्टी संगठन में एक और अहम बदलाव के तहत श्रवण कुमार को जदयू विधायक दल का नेता चुना गया है। नालंदा से विधायक श्रवण कुमार के नाम पर पहले ही सहमति बन चुकी थी, जिसे बाद में नीतीश कुमार की मंजूरी के बाद विधानसभा भेजा गया। अब इस पर औपचारिक मुहर भी लग चुकी है और विधानसभा सचिवालय ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। 

 

नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद यह पद रिक्त हो गया था, जिसे भरने के लिए पार्टी ने यह निर्णय लिया। हाल ही में श्रवण कुमार की सुरक्षा भी बढ़ाकर Y+ श्रेणी कर दी गई है, जो उनके बढ़ते राजनीतिक महत्व को दर्शाता है।

विधायकों को ज्यादा मेहनत करने का निर्देश 

सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर जदयू विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता स्वयं नीतीश कुमार ने की। करीब 90 मिनट तक चली इस बैठक में पार्टी ने भविष्य की रणनीति पर गंभीर चर्चा की। सबसे अहम फैसला 2030 तक 200 सीटें जीतने का लक्ष्य तय करना रहा, जो जदयू के लिए एक बड़ा राजनीतिक लक्ष्य माना जा रहा है। 

 

यह भी पढ़ें: केरल में बड़ा धमाका; 8 की मौत, 5 के शव मिले, तीन के सिर्फ अंग

 

बैठक में नीतीश कुमार ने विधायकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहें और जनता के बीच जाकर काम करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे खुद भी पूरे बिहार का दौरा करेंगे और पहले की तरह विकास कार्यों को आगे बढ़ाते रहेंगे। इस दौरान उन्होंने संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल पर भी जोर दिया।

 

बैठक के बाद मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों को मेहनत करने और अगले चुनाव में बड़े लक्ष्य के साथ उतरने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ आने वाले चुनाव की तैयारी में जुट गई है।