नए साल से ठीक पहले, 2025 के आखिरी दिन बिहार की राजधानी पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे से जुड़े पोस्टर को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई। यह मुद्दा राजनीतिक गलियारों से लेकर आम लोगों तक चर्चा का विषय बना रहा। हालांकि, चर्चाओं की दिशा बदलने में माहिर मुख्यमंत्री ने देर शाम इस पूरे विवाद का रुख मोड़ दिया। उन्होंने अपने साथ-साथ पूरे कैबिनेट की संपत्ति का विवरण सार्वजनिक कर दिया, जिसकी चर्चा सिर्फ बिहार ही नहीं बल्कि पूरे देश में होने लगी।

 

कैबिनेट सचिवालय की ओर से जारी जानकारी में मुख्यमंत्री और उनके मंत्रियों की संपत्ति का ब्योरा सामने आया। इसमें यह बात खास रही कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ऊपर किसी भी तरह का कोई कर्ज नहीं हैं।


यह भी पढ़ें- हरियाणा में कांग्रेस का 10 दिवसीय ट्रेनिंग कैंप, राहुल गांधी सिखाएंगे सियासी गुर

सीएम के पास खाते

घोषित विवरण के अनुसार, सीएम के पास 20,552 रुपये नकद हैं। उनके नाम पर कुल तीन बैंक खाते हैं। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की पटना सचिवालय शाखा में 27,217 रुपये, दिल्ली स्थित SBI पार्लियामेंट्री हाउस शाखा में 3,358 रुपये और पंजाब नेशनल बैंक की बोरिंग रोड शाखा में 27,191 रुपये जमा हैं।

सोना-चांदी और कार 

इसके अलावा, उनके पास करीब 2 लाख 3 हजार रुपये की ज्वेलरी है, जिसमें दो सोने की अंगूठियां और एक मोती जड़ी चांदी की अंगूठी शामिल है। मुख्यमंत्री के पास 2015 मॉडल की एक फोर्ड इकोस्पोर्ट कार भी है, जिसकी कीमत 11 लाख 32 हजार 753 रुपये बताई गई है। घरेलू सामान और अन्य वस्तुओं को मिलाकर उनकी कुल संपत्ति 17 लाख 66 हजार 196 रुपये आंकी गई है।

 

यह भी पढ़ें- 'अरुण भारती लापता', जमुई में चिराग पासवान के बहनोई के पोस्टर क्यों लगे?

अचल संपत्ति की जानकारी

मुख्यमंत्री के नाम पर कोई कृषि, गैर-कृषि या व्यावसायिक जमीन दर्ज नहीं है। हालांकि, दिल्ली के द्वारका स्थित विहार कोऑपरेटिव ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी में उनके पास एक फ्लैट है, जिसे उन्होंने 23 अप्रैल 2004 को खरीदा था। उस समय इसकी कीमत 13 लाख 78 हजार 330 रुपये थी, जबकि मौजूदा बाजार मूल्य करीब 1 करोड़ 48 लाख रुपये आंका गया है। इसके अलावा, उनके ऊपर किसी तरह का कोई कर्ज नहीं है और न ही आयकर, संपत्ति कर, बिजली, पानी या किसी अन्य सरकारी बकाया का उल्लेख है।