ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के मुखिया और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। दरअसल, असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। इसमें वह प्रतीकात्मक तौर पर गोली चलाते दिख रहे हैं। ओवैसी का आरोप है कि वीडियो में असम सीएम को मुसलमानों पर फायरिंग करते दिखाया गया है। उन्होंने हैदराबाद पुलिस से कार्रवाई की मांग की और कहा कि दुर्भाग्य से नरसंहार वाली नफरत भरी बातें अब आम बात हो गई हैं।
हैदराबाद पुलिस कमिश्नर के नाम लिखे पत्र में ओवैसी ने हिमंत बिस्वा सरमा पर मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं को जानबूझकर ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा, मैं आपके ध्यान में लाना चाहता हूं कि असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा पिछले कई वर्षों से सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया, सार्वजनिक भाषणों और अन्य प्लेटफॉर्म के माध्यम से मुस्लिम समुदाय के खिलाफ लगातार बयानबाजी करते हैं। ऐसे कई भाषण अभी भी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हैं।'
यह भी पढ़ें: परफॉर्मेंस नहीं किसी और वजह से गई नौकरी, अमेजन में छंटनी पर उठे सवाल
उन्होंने आगे लिखा, 'हाल के महीनों में उन्होंने जानबूझकर अपने नफरत भरे भाषणों को तेज किया है। इरादा मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना, हिंदुओं व मुसलमानों के बीच दुश्मनी और नफरत को बढ़ावा देना है। यह जानते हुए भी कि ऐसे आरोप राष्ट्रीय एकता के लिए हानिकारक हैं और सांप्रदायिक सद्भाव के लिए विनाशकारी हैं।'
ओवैसी ने पत्र में लिखा, मैं यह बताना चाहता हूं कि 07 फरवरी को असम बीजेपी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया। एक दिन बाद इस वीडियो को हटा लिया गया, लेकिन यह सोशल मीडिया पर अब भी मौजूद है। वीडियो में हिमंत बिस्वा सरमा को एक हथियार से लैस दिखाया गया है। वे उन लोगों को निशाना बना रहे हैं, जिन्हें स्पष्ट रूप से मुसलमान दिखाया गया है।'
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान और मियां मुस्लिम पर अटकी असम की राजनीति, राज्य के असल मुद्दे कहां हैं?
ओवैसी ने आरोप लगाया कि यह जानबूझकर मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, धार्मिक समुदायों के बीच नफरत और दुर्भावना को बढ़ावा देने और सांप्रदायिक हिंसा भड़काने का दुर्भावनापूर्ण कृत्य है। उन्होंने हैदराबाद पुलिस से कानून के तहत तुरंत कानूनी कार्रवाी की मांग की।
