संजय सिंह, पटना। राजधानी पटना में  उस समय सनसनी फैल गई, जब अपराधियों ने बेहद शातिर तरीके से खुद को कस्टम अधिकारी बताकर करोड़ों रुपये के सोने की लूट को अंजाम दिया। पूरी घटना किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी हुई जहां बदमाशों ने वर्दी, अंदाज और आत्मविश्वास के दम पर व्यापारियों को अपने जाल में फंसा लिया।

 

जानकारी के मुताबिक, गुजरात के राजकोट से दो व्यापारी अहमदाबाद के रास्ते पटना पहुंचे थे। उनके पास करीब 15 किलो सोना होने की बात सामने आ रही है। दोनों व्यापारी दानापुर स्टेशन से अपने सहयोगियों के साथ टेंपो के जरिए शहर आए। सब कुछ सामान्य लग रहा था लेकिन लुटेरों ने शातिराना ढंग से बड़ी साजिश रचकर लूटपाट को अंजाम दिया। 

भ्रमित हो गए अधिकारी

जैसे ही व्यापारियों का वाहन खगौल फ्लाईओवर के पास पहुंचा, अचानक दो बाईक और एक कार पर सवार करीब सात से आठ लोग उनके पीछे लग गए। कुछ ही क्षणों में उन्होंने टेंपो को घेर लिया। सभी बदमाश सफेद शर्ट और खाकी पैंट में थे, बिल्कुल कस्टम अधिकारियों जैसी वर्दी में। उनके आत्मविश्वास और सख्त लहजे ने व्यापारियों को भ्रमित कर दिया।

 

यह भी पढ़ें: बिहार के मदरसे में हथियार बरामद, मौलवी समेत तीन  को हिरासत में लिया

कस्टम विभाग का अधिकारी बात कर ली तलाशी 

बदमाशों ने खुद को कस्टम विभाग का अधिकारी बताते हुए तलाशी लेने की बात कही। इससे पहले कि व्यापारी कुछ समझ पाते, उन्होंने सोने से भरे बैग अपने कब्जे में ले लिए। इस दौरान एक व्यापारी, महेश मंथोरा के चेहरे पर किसी पदार्थ का स्प्रे कर उसे अचेत जैसा कर दिया गया और जबरन अपनी कार में बैठा लिया गया। वहीं दूसरे व्यापारी प्रिंस रामपरिया को घटनास्थल पर ही छोड़ दिया गया।

 

घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी तेजी से नौबतपुर की दिशा में फरार हो गए। पीड़ितों के अनुसार, बदमाशों का व्यवहार और तरीका इतना वास्तविक था कि उन्हें बिल्कुल भी शक नहीं हुआ कि वे असली अधिकारी नहीं हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। खगौल थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नौबतपुर रोड से एक संदिग्ध कार को जब्त कर लिया है। इसके अलावा एक बाईक भी बरामद की गई है। हालांकि अभी तक लुटेरों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। खगौल थाना अध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि मामले में अभी तक औपचारिक आवेदन नहीं मिला है, जिसके बाद ही लूट की सटीक मात्रा और कीमत का आकलन हो सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अपराधी पूरी तैयारी के साथ आए थे और उनकी संख्या सात से आठ के बीच थी।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में पकड़ा गया फर्जी IPS, गोरखपुर का राजेश शुक्ला कर रहा था वसूली

 

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस 

 

फिलहाल पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस हाई-प्रोफाइल लूटकांड का खुलासा कर लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। साथ ही यह भी साफ कर दिया है कि अपराधी अब नए-नए तरीकों से वारदात को अंजाम दे रहे हैं, जिससे आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।