logo

मूड

ट्रेंडिंग:

बिहार के मदरसे में हथियार बरामद, मौलवी समेत तीन  को हिरासत में लिया

चकिया का गवंद्रा मदरसा एक बार फिर से चर्चा में है। छापेमारी के बाद यहां से एक पिस्टल और कारतूस बरामद किया गया है। 

news image

प्रतीकात्मक तस्वीर । Photo Credit: AI Generated

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement
Advertisement

संजय सिंह, पटना। पूर्वी चंपारण के गवंद्रा स्थित एक मदरसा एक बार फिर सुर्खियों में है। रविवार को पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यहां छापेमारी कर एक पिस्टल और कारतूस बरामद किए। इस कार्रवाई के बाद मदरसे के मौलवी समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि पूरे मदरसे को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है।

 

पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि मदरसा परिसर में अवैध हथियार छिपाकर रखे गए हैं और यहां से हथियारों की खरीद-बिक्री का नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके आदेश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार और स्थानीय थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

मची अफरा-तफरी

रविवार को जब पुलिस टीम ने मदरसे में छापेमारी की, तो वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तलाशी के दौरान एक पिस्टल और कुछ कारतूस बरामद हुए। मौके पर मौजूद मौलवी और अन्य लोगों से पूछताछ की गई, जिसके बाद तीन व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस अब उनसे गहन पूछताछ कर रही है और उनकी निशानदेही पर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

नेटवर्क की की जा रही तलाश

एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि बरामद हथियारों के स्रोत और संभावित नेटवर्क की जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि क्या इस मामले के तार किसी बड़े गिरोह या संगठित अपराध से जुड़े हैं। फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर मदरसे को सील कर दिया गया है और आसपास के इलाके में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।

 

गौरतलब है कि यह वही मदरसा है, जो पहले भी सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर रह चुका है। 19 जुलाई 2023 को बिहार एटीएस और मोतिहारी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए यहां से पीएफआई के सक्रिय सदस्य उस्मान उर्फ सुल्तान उर्फ याकूब को गिरफ्तार किया था। याकूब पर आरोप था कि वह आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा था और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) उसे फुलवारीशरीफ आतंकी मॉड्यूल से जुड़े मामले में तलाश रही थी। उसकी गिरफ्तारी के बाद यह मदरसा पूरे क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बन गया था।

इलाके में हो रही है कई तरह की चर्चाएं 

ताजा घटनाक्रम ने एक बार फिर इस मदरसे की गतिविधियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भी इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। फिलहाल पुलिस की टीम मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। चाहे वह हथियारों का स्रोत हो, संभावित खरीदार हों या फिर इसके पीछे काम कर रहा कोई संगठित नेटवर्क। 

 

हिरासत में लिए गए तीनों लोगों से पूछताछ के जरिए पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर संवेदनशील संस्थानों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत क्यों महसूस की जा रही है। आने वाले दिनों में जांच के नतीजे इस पूरे मामले की असली तस्वीर सामने लाएंगे।

 

Related Topic:#bihar news

और पढ़ें