पंजाब की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा पंजाब पुलिस की हिरासत से फरार हो गए हैं। बलात्कार के एक मामले में मंगलवार सुबह उन्हें पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी हरियाणा के करनाल में हुई थी और जब पुलिस विधायक को लेकर पटियाला के रास्ते पंजाब के थाने ले जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में विधायक हरमीत पठानमाजरा और उनके समर्थकों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, जिसमें एक पुलिस कर्मी घायल भी हो गया। उन्होंने गिरफ्तारी से पहले एक IAS अधिकारी और आम आदमी पार्टी के दिल्ली के नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए।

 

पंजाब के कई जिले इस समय बाढ़ की चपेट में आए हुए हैं। विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने बाढ़ के दौरान सही व्यवस्था ना करने के लिए पंजाब के जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव कृष्ण कुमार की आलोचना की थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लाइव आकर दिल्ली में बैठे आम आदमी पार्टी के नेताओं की भी आलोचना की थी। इसके कुछ घंटों बाद ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। 

 

यह भी पढ़ें- आपको कन्नड़ आती है? सिद्धारमैया के सवाल पर राष्ट्रपति ने क्या कहा

क्यों हुई गिरफ्तारी?

हरमीत सिंह के पर बलात्कार, धोखाधड़ी और आपराधिक रूप से डराने धमकाने के आरोप में FIR दर्ज की गई थी। जीरकपुर की एक महिला ने विधायक पर आरोप लगाए थे कि हरमीत सिंह ने खुद को तलाकशुदा बताकर उसके साथ संबंध बनाए और बाद में शादीशुदा होते हुए भी 2021 में शादी कर ली। FIR में महिला ने विधायक पर यौन शोषण, धमकी, और अश्लील वीडियो भेजने के आरोप लगाए हैं। इस FIR के बाद विधायक ने फेसबुक पर लाइव आकर पंजाब सरकार की कड़ी आलोचना की और आम आदमी पार्टी के दिल्ली नेतृत्तव पर पंजाब को अपने इशारों पर नचाने का आरोप लगाया। इसके बाद ही उनकी गिरफ्तारी हुई थी।

क्या बोले विधायक?

विधायक ने पार्टी के अन्य विधायकों से उनका साथ देने की अपील की। विधायक ने लाइव आकर कहा कि उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और पंजाब पुलिस के अधिकारी उन्हें गिरफ्तार करने आए हैं। उन्होंने सरकार और अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कहा, 'वे मेरे खिलाफ FIR दर्ज कर सकते हैं, मैं जेल में रह सकता हूं लेकिन मेरी आवाज को दबाया नहीं जा सकता। मैंने कल ही कहा था कि जो बाढ़ की घटनाएं हो रही हैं वह अधिकारी किशन कुमार बुरा की नालायकी से हुईं। कल मेरी वीडियो लाइव होने के बाद मेरे गममैन वापस ले लिए गए। अब मेरे उपर 376 का पर्चा कर दिया है। अब पंजाब पुलिस मुझे लेने आई है।'

 

यह भी पढ़ें: 'कल तक सड़कें खाली और साफ कर दें', हाई कोर्ट ने जरांगे को दिया झटका

दिल्ली से चल रही सरकार?

आम आदमी पार्टी पर विपक्षी नेता तंज कसते रहते हैं कि उनकी सरकार दिल्ली से चलती है लेकिन अब उनके विधायक भी यही आरोप लगाने लगे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली वाले पंजाब पर राज कर रहे हैं और उनको सरकार चलानी नहीं आती। उन्होंने पार्टी आलाकमान पर पंजाब के विधायकों को दबाने का आरोप लगाया है।

IAS के खिलाफ दिया था बयान

यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब हरमीत सिंह ने सीनियर IAS अधिकारी पर बाढ़ से बचने के लिए पर्याप्त इंतजाम ना करने का आरोप लगाया था। पंजाब इस समय बाढ़ की चपेट में है और हरमीत सिंह की विधानसभा के भी कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। उन्होंने रविवार को अधिकारियों पर निशाने साधते हुए कहा था कि वह टांगरी नदी की सफाई और नदियों के किनारों को मजबूत के लिए उनके पास की मिट्टी का इस्तेमाल करने की अनुमति मांगते हैं लेकिन कोई फायदा नहीं होता है। उन्होंने सीएम भगवंत मान से सीनियर अधिकारी कृष्ण कुमार को हटाने की मांग की थी।

 

यह भी पढ़ें: पटना मेट्रो में नौकरी के नाम पर सक्रिय हुए ठग, कंपनी ने खुद ही बताया

 

हरमीत सिंह ने कहा कि इसके अगले ही दिन उनकी सुरक्षा हटा ली गई और उनकी विधानसभा के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस चौकी इंचार्ज का तबादला कर दिया गया। उन्होंने इस कार्रवाई का पहले से अंदाजा होने का दावा करते हुए कहा, 'मैंने कल ही अपने गनमैन से कह दिया था कि उन्हें वापस भेज दिया जाएगा। दिल्ली के नेता सोचते हैं कि वे मुझे ऐसी कार्रवाई या FIR से डरा सकते हैं लेकिन मैं कभी नहीं झुकूंगा। मैं अपने लोगों के साथ चट्टान की तरह खड़ा रहूंगा।'