संजय सिंह, पटना। पटना में गुरुवार को भूतनाथ स्टेशन से मलाही पकड़ी स्टेशन तक मेट्रो का सफल ट्रायल हुआ। इस सफल ट्रायल के साथ पटना में आधुनिक, सुरक्षित और भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ गया है।
पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PMRCL) के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक मेट्रो सेवा शुरू कर दी जाएगी। मौजूदा समय में पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से भूतनाथ तक ही मेट्रो का संचालन हो रहा है। नए खंड के जुड़ने से पूर्वी पटना के बड़े हिस्से को सीधा लाभ मिलेगा।
यह भी पढ़ें: 'मुझे पता है, वह मेरा नहीं है', लिखकर यूट्यूबर ने खत्म कर ली जिदंगी
इन पैरामीटर पर मापा गया मेट्रो का ट्रायल
- एलिवेटेड कॉरिडोर पर संपन्न इस ट्रायल रन के दौरान मेट्रो ट्रेन को अलग-अलग गति स्तरों पर चलाकर तकनीकी मानकों की गहन जांच की गई। विशेषज्ञों और अभियंताओं की मौजूदगी में ट्रेन को निर्धारित गति तक संचालित किया गया, ताकि सुरक्षा और संचालन से जुड़े सभी पहलुओं का आकलन किया जा सके।
- परीक्षण के दौरान सिग्नलिंग सिस्टम की कार्यक्षमता, ब्रेकिंग सिस्टम का प्रदर्शन, ट्रैक की स्थिरता, ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन सिस्टम, स्टेशन समन्वय और संचार व्यवस्था की बारीकी से जांच की गई। साथ ही आपातकालीन सुरक्षा प्रोटोकॉल की भी पड़ताल की गई, ताकि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
- अधिकारियों ने बताया कि सभी मानकों पर मेट्रो का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है। पीएमआरसीएल के आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि सफल ट्रायल के बाद अब अगला चरण सुरक्षा निरीक्षण और अंतिम स्वीकृति का है। निर्धारित एजेंसियों द्वारा सुरक्षा प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी होते ही इस खंड पर वाणिज्यिक परिचालन की हरी झंडी दे दी जाएगी।
यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी
भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक मेट्रो सेवा शुरू होने से हजारों दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इस मार्ग पर अक्सर लगने वाले जाम से निजात मिलेगा। स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र, नौकरीपेशा लोग और व्यवसायी वर्ग का समय बचेगा। सड़क पर वाहनों का दबाव घटने से यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और सुव्यवस्थित होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: साउथ अफ्रीका की जीत से टीम इंडिया की बल्ले-बल्ले, अब सेमीफाइनल दूर नहीं!
विशेषज्ञों का मानना है कि मेट्रो के पूर्ण विस्तार के बाद पटना में यात्रा की संस्कृति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। गुरुवार का सफल ट्रायल इस बात का संकेत है कि पटना अब महानगरों की तर्ज पर आधुनिक परिवहन सुविधाओं की ओर निर्णायक कदम बढ़ा चुका है। आने वाले दिनों में सुरक्षा निरीक्षण की औपचारिकताएं पूरी होते ही भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक मेट्रो की रफ्तार आम यात्रियों की जिंदगी को नई गति देगी।
