गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इसमें भारतीय जनता पार्टी ने शानदार जीत हासिल की है। मंगलवार को वोटों की गिनती के बाद बीजेपी ने सभी 15 नगर निगमों में जीत दर्ज की। इसमें सबसे खास चुनाव 'सूरत नगर निगम' के हुए। बीजेपी ने यहां भी बाजी मारते हुए अपने सियासी विरोधियों अपने आसपास भी नहीं फटकने दिया। सूरत शहर में कुल 120 सीटें हैं। बीजेपी ने इनमें से 115 सीटों पर कब्जा जमाया और सूरत नगर निगम की सत्ता पर काबिज हो गई।
बीजेपी के मुकाबले में कांग्रेस ने एक सीट जीती है और आम आदमी पार्टी को 4 सीटें जीतने में कामयाब रही। यह वही सूरत है, जहां से पिछली बार 2021 के चुनाव में अपना पहला चुनाव लड़ने हुए आम आदमी पार्टी ने 27 सीटें जीती थीं और 13 फीसदी वोट हासिल किए थे। मगर, पिछली बार भी बीजेपी ने 93 सीटें जीतकर सूरत में सत्ता बरकरार रखी थी।
यह भी पढ़ें: निशांत कुमार 3 मई से शुरू करेंगे सद्भाव यात्रा, बिहार की राजनीति पर होगा असर?
किस दल ने कितने उम्मीदवार उतारे?
इस बार बीजेपी ने सूरत की सभी 120 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। कांग्रेस ने 117 और आम आदमी पार्टी ने 111 उम्मीदवार खड़े किए। गुजरात राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, इस साल सूरत नगर निगम चुनाव में कुल 483 उम्मीदवार मैदान में थे।
अरविंद केजरीवाल को झटका
अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी को इस हार से तगड़ा झटका लगा है। 'आप' गुजरात अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए जी-जान से मेहनत कर रही है। ऐसे में आम आदमी पार्टी को अपनी पकड़ बढ़ाने की कोशिश में झटका लगा है। इस बार अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चुनाव प्रचार किया था।
बीजेपी आत्मविश्वास से लबरेज
चुनाव भी अन्य पिछड़ा वर्ग आरक्षण के बदले हुए नियमों के तहत हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के गृह राज्य गुजरात में बीजेपी ने हर नगर निगम में 50 प्रतिशत से ज्यादा वोट हासिल किए। इस जीत के बाद आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर बीजेपी काफी आत्मविश्वास से भर गई है।
यह भी पढ़ें: ड्राइवरों को मराठी आती है या नहीं? महाराष्ट्र में 1 मई से शुरू होगी जांच
गुजरात में रविवार को स्थानीय निकाय चुनाव हुए थे। इनमें 15 नगर निगमों, 84 नगर पालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए वोटिंग हुई थी। यह चुनाव अगले साल होने वाले गुजरात विधानसभा चुनावों से पहले सबसे बड़ा चुनावी अभ्यास माना जा रहा था। बीजेपी के बाद दूसरे नंबर पर किसी एक खास पार्टी का स्थान नहीं दिखा बल्कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों का ही प्रदर्शन कमजोर और काफी बिखरा हुआ रहा।
9 नए नगर निगमों में पहली बार चुनाव
अहमदाबाद नगर निगम में मतदान 51.81% रहा। इस बार 9 नए नगर निगमों में पहली बार चुनाव हुए। इनमें नवसारी, गांधीधाम, मोरबी, वापी, आनंद, नडियाद, मेहसाणा, पोरबंदर और सुरेंद्रनगर शामिल हैं। इन नए निगमों के गठन के बाद क्षेत्र बढ़ा है और स्थानीय मुद्दों पर ध्यान केंद्रित हुआ।
