दक्षिण मुंबई के मस्जिद बंदर इलाके में वीडियो कॉल पर तेज आवाज में बात करने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। 39 वर्षीय विपुल कर्मकार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पायधुनी पुलिस ने इस मामले में 19 वर्षीय इब्राहिम उर्फ कालू शेख को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है।
पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार दोपहर करीब 1 से 1:30 बजे के बीच क्लाइव रोड स्थित दानाबंदर इलाके में हुई। जांच में सामने आया कि विपुल अपने मोबाइल फोन पर एक युवती से वीडियो कॉल पर जोर-जोर से बात कर रहा था। पास में खड़े इब्राहिम ने उसे धीमी आवाज में बात करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गई।
डंडे से पिटाई
एफआईआर के मुताबिक, गुस्से में इब्राहिम ने पास में पड़े लकड़ी के डंडे और हाथ-मुक्कों से विपुल की पिटाई की। इसके बाद उसने विपुल को टांग अड़ाकर सीमेंट की सड़क पर पटक दिया, जिससे उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल विपुल को सर जेजे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: AI समिट हंगामा: यूथ कांग्रेस के खिलाफ BJP का देशव्यापी प्रदर्शन क्यों?
आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलते ही पायधुनी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और बुधवार शाम करीब 8 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। स्थानीय अदालत ने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया है। साइकॉलजिस्ट डॉ. सागर मूंदड़ा के अनुसार, ऐसी घटनाएं अक्सर अचानक गुस्से, भावनात्मक नियंत्रण की कमी और मानसिक तनाव के कारण होती हैं।
यह भी पढ़ें: CM योगी के जिले में ऑपरेशन के दौरान 9 लोगों की आंखों में हुआ इन्फेक्शन, गई रोशनी
मुंबई में बढ़ती हत्याएं
हाल के महीनों में मुंबई में इसी तरह की कई घटनाएं सामने आई हैं। फरवरी 2026 में नाहुर निवासी 23 वर्षीय हर्ष ठाकुर की झगड़ा सुलझाने के दौरान हत्या कर दी गई थी। दादर के प्रभादेवी इलाके में चाय की टपरी पर हुए विवाद में एक व्यक्ति की जान गई।
वाकोला में 430 रुपये के विवाद में एक मजदूर की हत्या कर दी गई, जबकि मालाड रेलवे स्टेशन पर मामूली कहासुनी में कॉलेज प्रोफेसर की चाकू मारकर हत्या की गई थी। वसई में 15 वर्षीय किशोर ने डांट से नाराज होकर अपनी चाची की हत्या कर दी थी।
