उत्तर प्रदेश के बदायूं से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। ऐसा बताया जा रहा है कि यहां के रुदायन कस्बे में सिर्फ एक रास्ता पूछने की बात कर एक युवक इतना भड़क गया कि उसने तीन बेकसूर लोगों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। पीड़ित पक्ष का कहना है कि वे लोग आगामी रमजान के मद्देनजर मदद मांगने निकले थे लेकिन उनके साथ मारपीट की गई। 

 

आपको बता दें कि यह पूरा मामला 15 फरवरी का है लेकिन इसकी गंभीरता तब पता चली जब 20 फरवरी को मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि आरोपी अक्षय नाम का युवक किस तरह बुजुर्गों को गालियां दे रहा है और उनके साथ मारपीट कर रहा है।

 

यह भी पढ़ें: 'हथेली गरम, पुलिस नरम...,' SP को रिश्वत का ऑफर क्यों देने लगे अखिलेश यादव?

क्या है पूरी घटना?

पीड़ित जावेद के भाई अरमान के मुताबिक, जावेद अपने साथियों आरिफ और अब्दुल सलाम के साथ पास के कस्बे में गए थे। वे लोग पेशे से कब्र खोदने का काम करते हैं लेकिन जब काम नहीं होता तो परिवार पालने के लिए भीख मांगने का काम करते हैं। उन्होंने वहां से गुजर रहे अक्षय नाम के युवक से बस इतना पूछा था कि मुस्लिम मोहल्ला कहां है और हाईवे का रास्ता किधर है?

 

इतना सुनते ही अक्षय अपना आपा खो बैठा। उसने अपनी स्कूटी रोकी और बिना किसी कारण के तीनों को पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने बुजुर्ग अब्दुल सलाम की टोपी भी उतरवाई और उन्हें थप्पड़ जड़े। अक्षय के साथ मौजूद उसके दोस्त इस पूरी घटना का वीडियो बनाते रहे जबकि आरोपी करीब 200 मीटर तक उन्हें पीटते हुए गली के बाहर ले गया।

पुलिस की कार्रवाई 

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पीड़ित अब्दुल सलाम की तहरीर पर केस दर्ज किया। आरोपी अक्षय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

 

यह भी पढ़ें: कर्नाटक में BJP विधायक को 5 लाख रिश्वत लेते दबोचा, बैकफुट पर आई पार्टी

कांग्रेस की प्रतिक्रिया

इस घटना पर अब राजनीति भी गरमा गई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर इस वीडियो को शेयर करते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस का कहना है कि समाज में नफरत इस कदर फैल गई है कि अब अल्पसंख्यकों पर हमले करना नॉर्मल बात होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून का डर न होने के कारण ही ऐसे उपद्रवी सरेआम गुंडागर्दी कर रहे हैं।

 

यूपी कांग्रेस ने कहा, 'यह घटना साफ दिखाती है कि समाज में नफरत किस कदर घर कर गई है। अक्षय नाम के इस लड़के ने सड़क चौड़ी होने के बावजूद सिर्फ गुंडागर्दी दिखाने के लिए गाड़ी रोकी और बिना किसी उकसावे के तीन मुस्लिम राहगीरों को भद्दी गालियां दीं और थप्पड़ जड़ दिए।'

अल्पसंख्यकों पर हमला'नॉर्मल' 

कांग्रेस ने यह भी कहा, 'यह मामला चीख-चीख कर कह रहा है कि पिछले कुछ सालों में अल्पसंख्यकों पर ऐसे हमले करना जैसे 'नॉर्मल' बात हो गई है। जब इन उपद्रवियों पर तुरंत सरकारी डंडा नहीं चलता, तो बाकियों को भी खुली छूट मिल जाती है कि वो सड़क पर किसी की भी इज्जत उछाल सकें।'

 

आगे कहा, 'भाजपा सरकार अपनी जनता के साथ न्याय करने में पूरी तरह फेल है। इस तरह के सरेआम हमले बता रहे हैं कि सरकार ने इन नफरती तत्वों को खुली छूट दे रखी है और इन्हें कानून का रत्ती भर भी खौफ नहीं रह गया है।'