असम में सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। गुवाहाटी पुलिस ने राज्य बीजेपी के सोशल मीडिया सेल से जुड़े दो बड़े पदाधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई बीजेपी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से शेयर किए गए एक वीडियो के बाद हुई है। वीडियो में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को एक समुदाय विशेष के लोगों पर हथियार चलाते हुए दिखाया गया था।
दरअसल, पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि बीजेपी के 'X' हैंडल पर एक एडिटेड वीडियो पोस्ट किया गया था। शिकायतकर्ता ने इस वीडियो को समाज में नफरत फैलाने वाला और अशांति पैदा करने वाला बताया है।
यह भी पढ़ें: मियां-बीवी निकले ड्रग तस्कर, दिल्ली बॉर्डर पर 7.5 करोड़ की हेरोइन संग गिरफ्तार
मामले की मुख्य बातें
पुलिस ने बीजेपी सोशल मीडिया सेल के संयोजक बिस्वजीत खाउंड और सह-संयोजक रोन बिकाश गौरव को इस मामले में आरोपी बनाया है। इन दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 192 (दंगा भड़काने के इरादे से उकसाना) और 353(2) (नफरत फैलाने वाली गलत जानकारी का प्रचार करना) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
12 फरवरी को रंजीत कुमार आर नामक एक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 7 फरवरी को उन्होंने 'पॉइंट ब्लैंक शॉट' नाम का यह वीडियो देखा जो बेहद आपत्तिजनक था। मामला बढ़ने पर बीजेपी के हैंडल से इस वीडियो को डिलीट कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: बिहार के इन 3 जिलों में महिलाओं को मुफ्त में मिलेंगे हॉस्टल, जानिए सुविधाएं
मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया
इस पूरे विवाद पर सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि उन्हें ऐसे किसी वीडियो की जानकारी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह घुसपैठियों के खिलाफ अपना रुख जारी रखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनके खिलाफ कोई मामला बनता है तो उन्हें गिरफ्तार होने से भी कोई परहेज नहीं है।
