उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के परीक्षितगढ़ थाना इलाके के सोना गांव में एक दलित युवक के साथ मारपीट, कुकर्म और जातिसूचक टिप्पणी का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि ये तीनों आरोपियों ने उस युवक को बकरीद की दावत के लिए अपने घर पर बुलाया था।

 

पीड़ित युवक दीपक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे करीब पांच दिन पहले आरोपियों ने अपने घर बुलाया था। वहां उसके साथ मारपीट की गई और गाली-गलौज भी की गई। इसके साथ ही उसके खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का भी आरोप है। पीड़ित ने इन तीनों आरोपियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'मैंने कभी पद नहीं मांगा...', कर्नाटक के मंत्री रामांलिगा रेड्डी का इस्तीफा

 

पीड़ित के मुताबिक इस घटना में ग्राम खजूरी के रहने वाले गुल मोहम्मद (पुत्र गुलफाम), आवेश (पुत्र महराज) और अदनान (पुत्र अफरोज) शामिल थे। इन लोगों ने दीपक के कपड़े उतरवाकर उसके साथ जबरदस्ती गलत काम किया और उसे धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो उसका वीडियो वायरल कर देंगे।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और SC/ST एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

यह भी पढ़ें: लालू और राबड़ी को अब नहीं मिलेगी Z+ सिक्योरिटी, तेजस्वी का Y+ कवर बरकरार

 

गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच निष्पक्ष रूप से जारी है और सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।