उत्तर प्रदेश के मथुरा से दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं ने इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जहां एक ओर एक किसान और उसके पूरे परिवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से गांव में मातम पसरा है, तो वहीं दूसरी ओर एक ऊंची इमारत से तीन नाबालिग बहनों के गिरकर जान गंवाने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

 

मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि मृतकों में एक किसान मनीष कुमार (35), उनकी करीब 32 वर्षीय पत्नी और उनके तीन नाबालिग बच्चे जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल है। सभी शव घर के एक ही कमरे में पाए गए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सुसाइड नोट या किसी तरह के वीडियो के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

दरवाजा तोड़कर निकाला

पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना मनीष कुमार के भाई ने दी थी। जब सुबह बच्चे खेलने के लिए बाहर नहीं आए, तो उन्हें शक हुआ। इसके बाद मनीष का भाई दीवार फांदकर घर के अंदर गया और दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुआ, जहां उसने मनीष और उसके पूरे परिवार को मृत अवस्था में पाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

 

यह भी पढ़ें: हाथरस में थाने पर महिलाओं ने क्यों किया पथराव? 26 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

 

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी में कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि परिवार ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।

तीन बहनों की गिरकर मौत

इसी बीच, मथुरा से एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शहर की एक ऊंची इमारत में रहने वाले लोग बुधवार तड़के करीब दो बजे एक तेज धमाके और चीख-पुकार से जाग गए। बाहर आकर उन्होंने देखा कि 11 वर्ष, 14 वर्ष और 16 वर्ष की तीन किशोर बहनें नौवीं मंजिल से गिरने के बाद बेजान पड़ी थीं।

 

इस दर्दनाक दृश्य को देखकर उनके माता-पिता सदमे में थे। पुलिस ने इस मामले में भी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह हादसा था या कि इसका कुछ और कारण है।