एक करिश्मे की तरह तमिलनाडु की सत्ता तक पहुंचे सी जोसेफ विजय की हर गतिविधि की चर्चा होती है। कभी वह अपने ज्योतिषी को OSD बना देते हैं, कभी विधानसभा में फिल्मी स्टाइल में हाथ चलाते हैं तो कभी विपक्षियों से मिलने पहुंच जाते हैं। अब उनकी चर्चा उनके प्राइवेट सेक्रेटरी की वजह से हो रही है। रोचक बात है कि इस शख्स का नाम पलानीस्वामी है जो कि पूर्व मुख्यमंत्री एडापाडी पलानीस्वामी से मिलता-जुलता है। जगदीश पलानीस्वामी नाम के इस शख्स को मुख्यमंत्री विजय ने अपना प्राइवेट सेक्रेटरी बनाया है। जगदीश की सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक, वह विजय के शपथ ग्रहण के 2 दिन बाद से ही यह भूमिका निभा रहे हैं लेकिन अब उन्होंने इसकी जानकारी विजय के जन्मदिन पर एक फोटो शेयर करके दी है।

 

अपने सोशल मीडिया पोस्ट में जगदीश ने एक फोटो शेयर की है जिसमें वह विजय के साथ खड़े हैं। इस फोटो के साथ जगदीश ने लिखा है, '18 साल पहले मैं एक डाय-हार्ड फैन की तरह लाइन में खड़ा था कि आपके साथ एक फोटो खिंचवा सकूं। आज आपके बगल में माननीय मुख्यमंत्री के प्राइवेट सेक्रेटरी की हैसियत से खड़ा हूं। जीवन का एक चक्र पूरा हो गया है।' बता दें कि जगदीश को 12 मई को ही इस पद पर नियुक्त किया गया था लेकिन इसका खुलासा अब जाकर हुआ है।

कौन हैं जगदीश पलानीस्वामी?

13 साल से विजय के साथ काम कर रहे जगदीश पलानीस्वामी सिर्फ 37 साल के हैं। कम उम्र से ही वह विजय के मैनेजर रहे हैं। इतना ही नहीं, वह विजय के रणनीतिकार भी रहे हैं और अब उन्हें प्राइवेट सेक्रेटरी का पद भी दे दिया गया है। तमिलनाडु के ही इरोड से आने वाले जगदीश शुरुआती दिनों में तमिल फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों के साथ काम कर चुके थे। जी वी प्रकाश के साथ काम करते हुए उन्होंने अच्छा-खासा अनुभव बटोरा। यहीं से वह मशहूर डायरेक्टर एटली और ए आर मुरुगदास जैसे लोगों के संपर्क में आए। रोचक बात है कि विजय इन दोनों के साथ काम करते रहे हैं।

 

साल 2010 में जगदीश की मुलाकात विजय से हुई और उन्होंने विजय का काम देखने की शुरुआत की। समय के साथ वह विजय के खास लोगों में शुमार होते गए। समय के साथ उन्होंने विजय के सोशल मीडिया हैंडल्स का भी काम देखा और हर मामले में विजय के मैनेजर बन गए। अब उन्होंने 'द रूट' नाम से एक कंपनी भी बना ली है जो सेलेब्रिटी मैनेजमेंट और प्रोडक्शन कंपनियों का काम देखती है। जगदीश की कंपनी विजय की फिल्म मास्टर और लियो की को-प्रोड्यूसर भी रह चुकी है। कई अन्य फिल्मों में भी विजय के साथ जगदीश की भी भूमिका रही है।

TVK में अहम भूमिका

विजय का हर काम देखने वाले जगदीश राजनीति में भी विजय के साथ रहे हैं। तमिलागा वेट्री कड़गम (TVK) की स्थापना से लेकर अब तक जगदीश भी इसमें अहम भूमिका निभा रहे हैं। शुरुआती दिनों में जगदीश ही TVK के सह-कोषाध्यक्ष बनाए गए थे। उन्होंने पार्टी के अंदरूनी कामकाज, फंडिंग और प्रचार अभियान की भी निगरानी की है। अब अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट के चलते वह चर्चा में आ गए हैं और उनकी तस्वीरों भी वायरल हो गई हैं।