ओडिशा के बालासोर जिले में रहने वाले दो पड़ोसियों के बीच झगड़ा हुआ। उसी दौरान एक महिला की हत्या हो गई। मृत महिला के परिवार का दावा है कि यह हत्या पुलिस की लापरवाही की वजह से हुई। महिला के परिवार ने पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें परिवार वाले महिला के शव को साइकिल पर लादकर पुलिस थाने ले गए। परिवार का आरोप है कि पड़ोसियों के साथ बहस को लेकर पहले भी पुलिस को जानकारी दी गई थी जबकि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।

 

यह मामला 10 मई का है, जो हरिपुर गांव का बताया जा रहा है, जहां जमीन को लेकर महिला के रिश्तेदारों ने ही उनकी हत्या कर दी। मृत महिला का नाम कमला सेठी है। परिवार ने हत्या का आरोप तीन लोगों पर लगाया है, जिनकी पहचान भरत जेन, भारती जेन और मानस जेन के रूप में हुई है। कमला सेठी के परिवार के मुताबिक, इन तीनों आरोपियों ने कुल्हाड़ी से हमला किया था, जिस वजह से कमला गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। घायल हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने भारती जेन को गिरफ्तार कर लिया है।

 

यह भी पढ़ें: छोटे कपड़े पहनकर रील बनाती थी बहू, सास-ससुर ने जहर खाकर दे दी जान

 

पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विरोध क्यों?

मृतक के परिवार के मुताबिक, यह जमीनी विवाद लंबे समय से चल रहा था। इस दौरान परिवार वालों ने कई बार पुलिस अधिकारियों को मामले की जानकारी दी थी लेकिन पुलिस इस विवाद को सुलझाने और खत्म करने में नाकाम रही। इसी लापरवाही का परिणाम इतना दुखद हुआ, जिसके कारण मृतक परिवार ने पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

 

मृतक के परिवार ने कमला सेठी के शव को घर से 15 किलोमीटर दूर पुलिस थाने तक ले जाकर विरोध किया। वहां पुलिस थाने के बाहर पूरे दिन शव रखा गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने कई बार परिवार को शव का अंतिम संस्कार करने के लिए समझाया, जबकि पीड़ित परिवार ने पुलिस की एक भी बात नहीं मानी और विरोध प्रदर्शन जारी रखा। महिला की मौत के तीन दिन बाद भी अंतिम संस्कार नहीं किया गया, जिस कारण शव सड़ने लगा था। पुलिस मामले में जल्द कार्रवाई करने में जुटी हुई है।

 

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में तरबूज खाने के बाद एक बच्चे की मौत, तीन बीमार

 

पूरा विवाद क्या है?

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह जमीनी विवाद गांव के दो पड़ोसियों के बीच शुरू हुआ था। विवाद दोनों पड़ोसियों के घरों की सीमा को लेकर चल रहा था। मृतक कमला के घर में छत बनाने का काम चल रहा था। छत बनाने के लिए सीमेंट पड़ोसी के घर के आगे गिर गया था, जिसका पड़ोसी ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। इसी दौरान कमला पर फावड़े से हमला कर दिया गया।