इंटरनेट की दुनिया ने शॉपिंग को जितना आसान बनाया है, ठगों और अपराधियों का काम भी उतना ही आसान हो गया। ऑनलाइन ठगी करने वाले लोग हर दिन एक नया तरीका खोजते हैं और लोगों को अपना शिकार बनाता हैं। अब ऐसा ही एक मामला महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से सामने आया है। एक नर्स ने ऑनलाइन एक ड्रेस देख रखी थी। वन पीस ड्रेस सिर्फ 299 में मिल रही थी तो नर्स ने उसे खरीदने की कोशिश की। पहले तो 299 रुपये गए और फिर 4 दिन में 1 लाख रुपये चले गए। जब ना तो पैसे मिले और ना ही ड्रेस मिली तो महिला को शक हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा।

 

अब देवनार पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। शिकायत के मुताबिक, महिला से अलग-अलग चीजों के शुल्क के रूप में कई बार पैसे लिए। यह भी वादा किया गया था कि इसमें से ज्यादातर पैसे रिफंड के रूप में वापस मिल जाएंगे। इसी के चलते महिला बार-बार पैसे देती रही और एक लाख रुपये से ज्यादा दे दिए। 

 

यह भी पढ़ें: ठेकेदार ने फंड के लिए प्रिंसिपल पर बनाया दबाव, हेडमास्टर ने आत्महत्या कर ली

पुलिस ने क्या बताया?

देवनार थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई के एक हॉस्टल में रहने वाली नर्स ने पुलिस को बताया कि फेसबुक पर 299 रुपये में वन पीस ड्रेस का विज्ञापन देखकर उसने उसे खरीदने की कोशिश की। अधिकारी ने कहा कि शुरुआत में सिर्फ ड्रेस के लिए पेमेंट करने को कहा गया। इसके बाद ठगों ने शिपिंग शुल्क, जीपीएस शुल्क, ट्रैकिंग फीस, वेरिफिकेशन कोड और एड्रेस वेरिफिकेशन जैसे बहाने बनाकर एक के बाद एक रुपये ऐंठने शुरू कर दिए। नर्स ने पुलिस को बताया है कि 16 से 20 अप्रैल के बीच पांच दिन में उसने एक लाख रुपये का पेमेंट कर दिया।

 

महिला के मुताबिक, हर बार उसे यह भरोसा दिलाया जाता रहा कि अधिकतर रकम वापस कर दी जाएगी और ऑर्डर जल्द पहुंच जाएगा। जब न तो पैसे वापस मिले और न ही ड्रेस मिली, तब उसे ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़िता ने साइबर अपराध हेल्पलाइन पर संपर्क करके शिकायत दर्ज कराई। अधिकारी ने बताया कि देवनार पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

यह भी पढ़ें: बर्थडे के दौरान चेहरे पर केक लगाया तो तीन लोगों की गोली मारकर हत्या

 

शुरुआती जांच के मुताबिक, फेसबुक पर एक ऐसा विज्ञापन बनाया गया जिससे लोगों को फंसाया जा सके। इसके अलावा एक वॉट्सऐप नंबर और एक फर्जी डिलीवरी एजेंट का इस्तेमाल करके महिला के साथ यह ठगी की गई है।