भारत के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एलपीजी गैस सिलेंडर के संकट के बीच अहम फैसला लिया है। बढ़ती मांग को देखते हुए सरकार ने बड़ा बदलाव किया है। अब सभी घरेलू गैस खरीदने से पहले ई-केवाईसी करना अनिवार्य हो गया है। ई-केवाईसी लोग अपने स्मार्टफोन के जरिए घर बैठे कर सकते हैं। अगर कोई उपभोक्ता समय रहते ई-केवाईसी प्रक्रिया को पूरी नहीं करता है तो उसे भविष्य में गैस सिलेंडर की डिलीवरी मिलने और सब्सिडी पाने में परेशानी हो सकती है।
ई-केवाईसी प्रक्रिया में उपभोक्ता का वेरिफिकेशन किया जाएगा। इस प्रक्रिया से फर्जी सिलेंडर उपभोक्ताओं के नाम हटाए जाएंगे ताकि वास्तविक उपभोक्ताओं को ही गैस सिलेंडर मिल सके। माना जा रहा है कि गैस सिलेंडर के ई-केवाईसी से काला बाजारी खत्म करने में मदद मिलेगी। अब सवाल उठता है कि गैस सिलेंडर के लिए ई-केवाईसी कराने की प्रक्रिया क्या है।
यह भी पढ़ें: आपके खाते में PM किसान की किस्त आई या नहीं, ऐसे चेक करें
ई-केवाईसी की प्रक्रिया
गैस सिलेंडर की ई-केवाईसी प्रक्रिया बेहद आसान है। इसमें व्यक्ति को ई-केवाईसी कराने के लिए गैस एजेंसी जाने की जरूरत नहीं है। इसे कराने के लिए उपभोक्ता के पास स्मार्टफोन होना चाहिए।
ई-केवाईसी करने के लिए पहले आपको अपने स्मार्टफोन से एलपीजी सिलिंडर वाली कंपनी का मोबाइल ऐप PMUY e-KYC डाउनलोड करना होगा। साथ ही Aadhaar Face RD ऐप को भी फोन में इंस्टॉल करना होगा। इस ऐप के जरिए उपभोक्ता का आइडेंटिटी वेरिफिकेशन किया जाएगा।
PMUY e-KYC ऐप में ई-केवाईसी का विकल्प चुनना होगा, जिससे उपभोक्ता का वेरिफिकेशन शुरू होगा। इसके बाद Aadhaar Face RD ऐप के जरिए उपभोक्ता का चेहरा स्कैन करना होगा। कुछ ही मिनटों में उपभोक्ता का ई-केवाईसी पूरा हो जाएगा। अगर किसी व्यक्ति को ऐप का इस्तेमाल करने में दिक्कत आती है तो वह अपनी गैस एजेंसी से संपर्क कर सकता है। इसके अलावा सरकार की हेल्पलाइन 1800-233-3555 पर भी फोन किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: किसानों के लिए रामबाण साबित होगा भारत विस्तार ऐप, कैस साबित होगा मददगार?
गैस सिलेंडर के दाम बढ़े
एक रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में 14.2 किलो एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत अब पहले से बढ़ गई है। गैस सिलेंडर पहले 850 रुपये में मिलता था, जो अब 913 रुपये में मिल रहा है। इसका मतलब है कि देश में एलपीजी गैस की किल्लत की वजह से इसकी कीमत में करीब 50 से 60 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है।
