देश-दुनिया में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) की चर्चा है। सोशल मीडिया पर इस व्यंग्यात्मक प्लेटफॉर्म से जुड़ी खबरें, मीम्स, वीडियो और ग्राफिक्स भी खूब वायरल हैं। मगर इस वायरल ट्रेंड के बीच लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। कॉकरोच जनता पार्टी के नाम पर ठग भी सक्रिय हो चुके हैं। अनजान नंबरों से लोगों को मैसेज आ रहे हैं। कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि पार्टी से जुड़ने के नाम पर उनसे पैसे की मांग की गई।
सोशल मीडिया में हमेशा वायरल रहने वाले दीपक शर्मा ने दावा किया कि 2 लाख रुपये में कॉकरोच जनता पार्टी का जिलाध्यक्ष बनाया जा रहा है। उन्होंने व्हाट्सएप पर हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट भी शेयर किए। इसमें वे किसी ज्ञानेश नाम के शख्स से बातचीत कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: 'रिजाइन करना ही पड़ेगा', कॉकरोच जनता पार्टी के निशाने पर धर्मेंद्र प्रधान
पत्रकार अतुल कृष्णन ने भी पीएमओ और गृह मंत्रालय को टैग करते एक पोस्ट लिखा कि किसी ने उन्हें 'Cockroach Janta Party UP' नाम के एक ग्रुप में जोड़ दिया। इस ग्रुप में अब 800 से अधिक सदस्य हैं। उन्होंने आगे बताया कि मैं इस ग्रुप में किसी को नहीं जानता। यह एक गंभीर मामला है। क्या यह किसी बड़ी साजिश की तैयारी है?
साइबर ठग उठा सकते हैं फायदा
सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हैं। इसमें लोगों को आगाह किया गया कि साइबर ठग कॉकरोच जनता पार्टी ट्रेंड का फायदा उठा सकते हैं। कुछ लोगों ने दावा किया कि उन्हें व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से मैसेज मिला। इसमें एक लिंक दिया गया है और लोगों से क्लिक करके पार्टी ज्वाइन करने को गया। मगर सोशल मीडिया या व्हाट्सएप पर किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करना खतरनाक साबित हो सकता है। आपका फोन हैक हो सकता है। बैंक अकाउंट खाली हो सकता है। निजी जानकारी लीक हो सकती है।
लिंक पर क्लिक करने से बचें
साइबर विशेषज्ञों ने कॉकरोच जनता पार्टी या उससे मिलते जुलते संदिग्ध नामों के साथ आने वाले मैसेज और लिंक से सतर्क रहने की सलाह दी है। पार्टी से जुड़ने, सदस्यता हासिल करने, चंदा देने या किसी सर्वे में हिस्सा लेने के नाम पर फ्रॉड किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में सोशल मीडिया के किसी भी प्लेटफॉर्म पर आने वाले संदिग्ध लिंक को बिल्कुल न क्लिक करें।
यह भी पढ़ें: दोनों पैर कट गए थे, सिर्फ हाथों के दम पर एवरेस्ट चढ़ गया रूस का यह शख्स
आपको बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी कोई आधिकारिक सियासी दल नहीं है। यह अभी सिर्फ सोशल मीडिया पर सक्रिय है। भारत में राजनीतिक दल बनाने की खातिर उसकी स्थापना के 30 दिनों के भीतर चुनाव आयोग में आवेदन करना पड़ता है। अभी तक कॉकरोच जनता पार्टी ने ऐसा नहीं किया है। सोशल मीडिया पर उनसे मिलते-जुलते तमाम पेज और अकाउंट बन चुके हैं। साइबर ठग इस मौके का फायदा उठा सकते हैं। a
