अमेरिका और पश्चिमी देशों से हस्तक्षेप की अपील करते हुए एक ईरानी व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पूरिया हामिदी नाम के व्यक्ति ने आत्महत्या करने से कुछ समय पहले एक मैसेज साझा किया है, जिसमें उन्होंने ईरान में कथित तौर पर देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बाद हुई हिंसक कार्रवाई की ओर ध्यान दिलाने की कोशिश की है। यह वीडियो दो दिन पहले प्रसारित हुआ था। 

 

ईरान इंटरनेशनल की एक रिपोर्ट के अनुसार, हामिदी ने अपने 10 मिनट लंबे वीडियो में दावा किया कि ईरान में 40,000 से अधिक लोगों की हत्या की गई है। वीडियो में उन्होंने कहा, 'अगर आप यह वीडियो देख रहे हैं, तो मैं अब जीवित नहीं हूं। 40,000 से अधिक लोग मारे गए, उनका नरसंहार किया गया। यह रूस-यूक्रेन युद्ध और इज़राइल-फिलिस्तीन संघर्ष से भी कहीं अधिक है।' उन्होंने कहा कि वह प्रदर्शनकारियों पर हो रही कार्रवाई के बारे में 'सच्चाई' साझा करना चाहते थे।

 

यह भी पढ़ें: ट्रंप के व्हाइट हाउस ने व्यापार समझौते की कर दी घोषणा, एक-एक प्वाइंट जानें

हम ईरानवासी अकेले हैं

वीडियो में हामिदी सीधे डोनाल्ड ट्रम्प, अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों को संबोधित करते हैं। उन्होंने ईरान के सर्वोच्च नेता के शासन के साथ किसी भी समझौते का विरोध करते हुए कहा कि ऐसा करना उन लोगों के साथ विश्वासघात होगा, जिन्होंने ईरान के लिए अपनी जान गंवाई है। हामिदी ने अपील की, 'मैं आपसे विनती करता हूं कि इस सौदे को रोकने के लिए आप जो कुछ भी कर सकते हैं, करें।'

 

 

यह भी पढ़ें: केन्या में 20 लाख लोगों पर मौत का साया, सूखे के कारण भुखमरी के हालात

 

उन्होंने आगे कहा कि मौजूदा हालात में ईरानियों के पास विदेशी हस्तक्षेप के अलावा कोई विकल्प नहीं है। 'अमेरिका द्वारा ईरान पर हमला करना ही इस समय हमारी एकमात्र उम्मीद है। हम इस शासन से अकेले नहीं लड़ सकते।' उन्होंने पूरा संदेश अंग्रेजी में रिकॉर्ड करने के बावजूद, वीडियो के अंत में उन्होंने फारसी भाषा में समर्थन की अपील की हम ईरानवासी अकेले हैं, हमारा कोई नहीं है। कृपया एक-दूसरे का समर्थन करें। ईरान जिंदाबाद।'

 

यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है जब ओमान में परमाणु निरस्त्रीकरण को लेकर अमेरिका और ईरान के नेताओं की संभावित बैठक की चर्चा चल रही है। वीडियो की टाइमिंग और उसमें किए गए दावों ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है।

 

(यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। खबरगांव हामिदी के दावों या वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)